Nuh News: मांडीखेड़ा के बूचड़खानों के पानी के नमूने जांच के लिए भेजे, रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई
Nuh News: नूंह जिले के मांडीखेडा क्षेत्र में संचालित बूचड़खानों से निकलने वाले पानी को लेकर मिली शिकायतों के बाद हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने कार्रवाई शुरू कर दी है। विभाग की टीम ने क्षेत्र में संचालित चार बूचड़खानों...
Nuh News: नूंह जिले के मांडीखेडा क्षेत्र में संचालित बूचड़खानों से निकलने वाले पानी को लेकर मिली शिकायतों के बाद हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने कार्रवाई शुरू कर दी है। विभाग की टीम ने क्षेत्र में संचालित चार बूचड़खानों से पानी के नमूने एकत्र कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
नूंह प्रदूषण विभाग के क्षेत्रीय अधिकारी रामनिवास ने बताया कि राज्य मुख्यालय से मिले बनिर्देशों के आधार पर मांडीखेड़ा क्षेत्र के चार बूचड़खानों से अलग-अलग पानी के नमूने लिए गए हैं। इन नमूनों को बोर्ड की अधिकृत प्रयोगशाला में परीक्षण के लिए भेजा गया है। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट में निर्धारित छह प्रमुख मापदंडों के आधार पर पानी की गुणवत्ता का आकलन किया जाएगा। यदि नमूने निर्धारित मानकों पर खरे नहीं उतरते हैं तो संबंधित इकाइयों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई होगी।
गौरतलब है कि मेवात क्षेत्र में संचालित बूचड़खानों से निकलने वाले गंदे पानी को लेकर स्थानीय लोगों में लंबे समय से नाराजगी बनी हुई है। आरोप है कि दूषित पानी से पर्यावरण प्रदूषण फैल रहा है और कुछ स्थानों पर पाइपलाइन के माध्यम से इस पानी को खेतों में छोड़े जाने की भी शिकायतें सामने आई हैं। इस मामले को लेकर कुछ लोगों ने जिला प्रशासन, राज्य प्रदूषण नियंत्रण विभाग तथा सिंचाई विभाग के अधिकारियों को भी शिकायतें भेजी थीं।
शिकायतों के संज्ञान में आने के बाद प्रदूषण नियंत्रण विभाग ने नमूना संग्रहण की कार्रवाई की है। मेवात क्षेत्र में बूचड़खानों के संचालन और उनसे जुड़े पर्यावरणीय मुद्दों को लेकर समय-समय पर आवाज उठती रही है। स्थानीय लोग और सामाजिक संगठन अक्सर आरोप लगाते रहे हैं कि कुछ इकाइयों द्वारा प्रदूषण नियंत्रण संबंधी नियमों और मानकों का पूरी तरह पालन नहीं किया जाता।

