Nuh News : पानी के विवाद में खूनी संघर्ष: लाठी लगने से युवक की मौत, कई घायल
एक ही परिवार के दो पक्षों के बीच हुई हिंसक झड़प
Nuh News : नूंह जिले के थाना रोजका मेव अंतर्गत गांव बड़का अलीमुद्दीन में बुधवार को पानी के मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। एक ही परिवार के दो पक्षों के बीच हुई हिंसक झड़प में लाठी लगने से 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए।
मामूली कहासुनी से भड़की हिंसा
जानकारी के अनुसार, गांव बड़का अलीमुद्दीन में बुधवार को पानी के इस्तेमाल को लेकर परिवार के सदस्यों के बीच बहस शुरू हुई थी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष लाठी-डंडों के साथ आमने-सामने आ गए। इस झगड़े में आमीन (24-25) के सिर पर लाठी का जोरदार वार लगा, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा।
अस्पताल में तोड़ा दम
परिजन आनन-फानन में घायल आमीन को अस्पताल ले गए, लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। झगड़े में घायल हुए अन्य सदस्यों को नूंह के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही रोजका मेव थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला।
पुलिस की जांच जारी
थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। गांव में फिलहाल शांति है और पुलिस बल तैनात है। पुलिस का कहना है कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं दी गई है। शिकायत मिलते ही संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू की जाएगी। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है कि विवाद की असल वजह क्या थी।

