Nuh News: सलम्बा गांव में खेत विवाद को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष, कई घायल, वीडियो वायरल
Nuh News: जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव सलम्बा में शनिवार दोपहर खेत से जुड़े विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले। इस हिंसक झगड़े में दो महिलाओं सहित कई लोग घायल हो गए। घटना का...
Nuh News: जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव सलम्बा में शनिवार दोपहर खेत से जुड़े विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले। इस हिंसक झगड़े में दो महिलाओं सहित कई लोग घायल हो गए। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला करते दिखाई दे रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव सलम्बा निवासी हसन मोहम्मद पुत्र याकूब और आस मोहम्मद पुत्र जफर खान के पक्षों के बीच विवाद हुआ। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि खेत में खड़ी ज्वार की फसल काटने को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। वहीं ग्रामीणों के अनुसार खेत से मिट्टी खोदने को लेकर भी दोनों पक्षों में पहले से विवाद चल रहा था।
आरोप है कि विरोध करने पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर लाठी-डंडे चले।वायरल हो रहे करीब 13 सेकंड के वीडियो में एक पक्ष के लोग दूसरे पक्ष पर हमला करते दिखाई दे रहे हैं, जबकि एक व्यक्ति सड़क पर घायल अवस्था में पड़ा नजर आ रहा है। मौके से गुजर रहे किसी राहगीर ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब वायरल है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार झगड़े में करीब 10 से 12 लोगों के घायल होने की सूचना मिली है। सभी घायलों को उपचार के लिए नल्हड़ मेडिकल कॉलेज तथा अन्य अस्पतालों में भेजा गया है। इनमें कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई गई है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों से पूछताछ के साथ-साथ वायरल वीडियो की भी जांच की जाएगी।

