Nuh News: 17 साल से फरार धोखाधड़ी व जालसाजी का आरोपी नूंह पुलिस ने दबोचा
Nuh News: नूंह जिला पुलिस की अपराधियों के खिलाफ चल रही लगातार कार्रवाई के तहत एवीटी स्टाफ की टीम ने एक ऐसे आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है, जो पिछले करीब 17 वर्षों से पुलिस की गिरफ्त...
Nuh News: नूंह जिला पुलिस की अपराधियों के खिलाफ चल रही लगातार कार्रवाई के तहत एवीटी स्टाफ की टीम ने एक ऐसे आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है, जो पिछले करीब 17 वर्षों से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था। आरोपी के खिलाफ राजस्थान में धोखाधड़ी और जालसाजी का मामला दर्ज था तथा वह लंबे समय से उद्घोषित अपराधी के रूप में वांछित चल रहा था।
पुलिस प्रवक्ता कृष्ण कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन के निर्देशानुसार विभिन्न अपराधों में वांछित तथा अन्य राज्यों में अपराध कर फरार चल रहे अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत एवीटी स्टाफ की टीम ने आस मोहम्मद पुत्र चंद्रभान निवासी अलालपुर, थाना सदर नूंह को काबू किया। आरोपी राजस्थान के जिला सलूम्बर के थाना सलूम्बर में दर्ज मुकदमा में वांछित था और वर्ष 2009 से उद्घोषित अपराधी के रूप में फरार चल रहा था। आरोपी लगातार अपनी पहचान और ठिकाने बदलकर कानून से बचता रहा तथा लंबे समय तक पुलिस टीमों को चकमा देता रहा।
राजस्थान पुलिस द्वारा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए सहयोग मांगा गया था। सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एवीटी स्टाफ की टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया तथा थाना सलूम्बर, राजस्थान पुलिस को इसकी सूचना दी गई। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को संबंधित पुलिस टीम के हवाले कर दिया गया। उन्होंने बताया कि अपराधियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

