Nuh News: बडेड गांव में तालाब में डूबने से 11 वर्षीय बच्चे की मौत, 5 दिन में डूबने का दूसरा हादसा
अपने साथी बच्चों के साथ तालाब के पास खेलने और नहाने गया था बच्चा
Nuh News: नूंह जिले में बरसात के मौसम में पानी में डूबने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। शनिवार को नूंह जिले के गांव बडेड के लठमारबास के पास स्थित तालाब में डूबने से 11 वर्षीय अदनान पुत्र अली जान निवासी बुबलहेड़ी की दर्दनाक मौत हो गई। यह पिछले 5 दिन में पानी में डूबने से होने वाली दूसरी बड़ी घटना है।
ग्रामीणों ने बताया कि स्कूल की छुट्टी होने के कारण शनिवार को अदनान अपने साथी बच्चों के साथ तालाब के पास खेलने और नहाने गया था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। साथ गए बच्चों ने तुरंत ग्रामीणों को सूचना दी। सूचना मिलने पर स्थानीय गोताखोर साहिल, सरपंच अशफाक और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। करीब 2 घंटे की मशक्कत के बाद अदनान के शव को तालाब से बाहर निकाला गया। दमकल और डायल 112 की टीम भी मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक बच्चे की मौत हो चुकी थी।
स्थानीय गोताखोर साहिल ने बताया कि उन्हें फोन पर सूचना मिली थी कि एक बच्चा तालाब में डूब गया है। वे दौड़कर मौके पर पहुंचे और तालाब में उतरकर खोजबीन शुरू की, लेकिन जब तक अदनान मिला तब तक बहुत देर हो चुकी थी। सरपंच अशफाक ने ग्रामीणों से अपील की है कि बरसाती मौसम में तालाबों में पानी अधिक और गहरा होता है, इसलिए बच्चों को ऐसी जगहों पर अकेले न जाने दें।
मृतक अदनान के चाचा नोमान ने बताया कि अदनान पड़ोसी बच्चों के साथ नहाने गया था। उन्होंने भी अभिभावकों से अपील की कि पानी भरे स्थानों पर बच्चों पर नजर रखें। परिवार में पहले से ही मातम है क्योंकि करीब 5 साल पहले अदनान के पिता की भी बिजली के हादसे में मौत हो गई थी।
इससे पहले 10 अगस्त को तावडू उपमंडल के सीलखो पहाड़ में 32 वर्षीय युवक की खदान में भरे पानी में नहाते समय डूबने से मौत हो गई थी। पिछले साल भी जिले में सिकरावा नहर सहित पानी में डूबने के कई मामले सामने आए थे। प्रशासन और विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि बरसात के दिनों में बच्चों को तालाब, जोहड़ और नहरों के पास न भेजें, क्योंकि गहराई का अंदाजा न होने के कारण हादसों की संभावना बढ़ जाती है।

