Nuh Firing News : नूंह में वांछित आरोपी की तलाश; सीआईए टीम - ग्रामीणों में टकराव, फायरिंग के आरोपों की जांच शुरू
पुलिस का दावा- टीम पर हमला कर आरोपी को छुड़ाया गया, ग्रामीणों ने पुलिस पर फायरिंग का लगाया आरोप
Nuh News : तावडू उपमंडल के सदर थाना क्षेत्र के गांव खरखड़ी में मंगलवार को वांछित आरोपी की तलाश में पहुंची सोहना सीआईए टीम और ग्रामीणों के बीच टकराव हो गया। घटना के दौरान वांछित आरोपी जुनैद उर्फ जुन्ना घायल हो गया। ग्रामीणों ने पुलिस पर फायरिंग करने का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस ने फायरिंग की पुष्टि नहीं की और कहा कि पूरे घटनाक्रम की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार किसी आपराधिक मामले में वांछित जुनैद उर्फ जुन्ना के घर पर होने की सूचना मिलने पर सोहना सीआईए टीम गांव खरखड़ी पहुंची थी। इसी दौरान आरोपी ने पुलिस से बचकर भागने का प्रयास किया। ग्रामीणों और परिजनों का आरोप है कि पुलिस की फायरिंग में वह घायल हुआ और मकान से नीचे गिरते समय बिजली के तार की चपेट में आने से उसकी हालत गंभीर हो गई। वहीं पुलिस का कहना है कि अब तक फायरिंग की पुष्टि नहीं हुई है और जांच जारी है।
पथराव के बाद बढ़ा तनाव, पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना के बाद गांव में अफवाह फैल गई कि पुलिस कार्रवाई में जुनैद की मौत हो गई है। इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और माहौल तनावपूर्ण हो गया। आरोप है कि इस दौरान कुछ लोगों ने पुलिस टीम पर पथराव किया, जिसमें कुछ पुलिसकर्मी घायल हुए। पुलिस का दावा है कि भीड़ ने आरोपी को टीम की हिरासत से छुड़ा लिया।
सूचना मिलने पर तावडू डीएसपी अभिमन्यु लोहान के नेतृत्व में सदर थाना, तावडू सीआईए और शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने आरोपी के घर की तलाशी लेकर सीसीटीवी डीवीआर सहित कुछ अन्य सामान कब्जे में लिया है।
जुनैद की पत्नी ने आरोप लगाया कि पुलिस टीम ने घर पहुंचते ही फायरिंग की, जिससे उनके पति को गोली लगी और बाद में वह बिजली के तार की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका कहना है कि ग्रामीण घायल जुनैद को अस्पताल ले गए।
डीएसपी अभिमन्यु लोहान ने बताया कि जुनैद के खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और उसकी गिरफ्तारी के लिए टीम गांव पहुंची थी। उन्होंने कहा कि पुलिस टीम पर हमले तथा फायरिंग के आरोप सहित पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच की जा रही है। घायल जुनैद अस्पताल में भर्ती है, हालांकि वह किस अस्पताल में उपचाराधीन है, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।

