Nuh Crime : बच्चों के झगड़े ने लिया खूनी रूप, नूंह के गोधोली गांव में दो पक्षों में संघर्ष; एक की मौत
देखते ही देखते यह बहस मारपीट में बदल गई
Nuh Crime : जिले के पुन्हाना सदर थाना क्षेत्र के तहत आने वाले गांव गोधोली में बच्चों के मामूली विवाद ने बड़ी त्रासदी का रूप ले लिया। बच्चों की लड़ाई को लेकर दो पक्षों के बीच हुए खूनी संघर्ष में एक 41 वर्षीय व्यक्ति की जान चली गई। वारदात के बाद से गांव में तनाव का माहौल है, जिसे देखते हुए पुलिस ने निगरानी बढ़ा दी है।
मामूली बात पर शुरू हुआ था विवाद
जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत सोमवार दोपहर करीब 3 बजे हुई। गांव गोधोली के निवासी आजम (41) पुत्र आसिन और जुनैद पुत्र ताहिर के बीच बच्चों की छोटी-मोटी लड़ाई को लेकर कहासुनी हो गई। जुनैद मूल रूप से पलवल के गांव खाईका का रहने वाला है, लेकिन पिछले करीब 50 वर्षों से गोधोली में अपने मामा के पास रह रहा है। देखते ही देखते यह बहस मारपीट में बदल गई।
मामा और अन्य साथियों को बुलाया
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर जुनैद ने अपने मामा जैकम और रोशन को फोन कर कुछ अन्य लोगों के साथ मौके पर बुला लिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले। इस झगड़े में आजम को गंभीर चोटें आईं। घायल को तुरंत पुन्हाना के नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस जांच और आरोपियों की तलाश
घटना की सूचना मिलते ही पुन्हाना सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मांडी खेड़ा अस्पताल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि अभी तक इस मामले में परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है, लेकिन पुलिस ने अपने स्तर पर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गश्त तेज कर दी गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही दोषियों को पकड़ लिया जाएगा और उचित कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

