Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
search-icon-img
Advertisement

खरखौदा के विकास में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी जायेगी : नायब सैनी

कूड़े के निपटान के लिए 8.37 करोड़ की लागत से लगेगा प्लांट

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
featured-img featured-img
खरखौदा में रविवार को आयोजित विकास रैली के दौरान मंच से उपस्थित भीड़ का अभिवादन करते मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी।-हप्र
Advertisement
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि खरखौदा के विकास में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी जायेगी। उन्होंने कहा कि खरखौदा में मारूति प्लांट शुरू होने के बाद क्षेत्र में रोजगार के अवसर तेजी से बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि विकास को और गति देने के लिए खरखौदा में विश्व स्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित किया जायेगा।

मुख्यमंत्री रविवार को खरखौदा में विकास रैली को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने 1.10 करोड़ की लागत से गांव सोहंटी और थाना कलां में उप-स्वास्थ्य केंद्रों का शिलान्यास भी किया। उन्होंने खरखौदा शहर के विकास के लिए 5 करोड़ की राशि देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि खरखौदा शहर में थाना चौक व दिल्ली चौक का सौंदर्यकरण किया जाएगा और मुख्य पार्क के लिए 8 करोड़ तथा स्टेडियम के जीर्णोद्वार के लिए 3.50 करोड रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि शहर में कूड़े के निपटान के लिए 8.37 करोड़ की लागत से प्लांट लगाया जायेगा।

Advertisement

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि शहर में डिजिटल लाइबे्ररी बनाई जाएगी। शहर में पीने के पानी के लिए 26.46 करोड़ की परियोजना दिसंबर 2026 तक पूरी हो जायेगी। इसके अलावा भूमि उपलब्ध होने पर रेस्ट हाउस व मल्टीस्टोरी पार्किंग बनाई जाएगी। उन्होंने बताया कि खरखौदा विधानसभा क्षेत्र में पीडब्ल्यूडी की 45 किलोमीटर लंबाई की 9 सडक़ों पर 28.30 करोड रूपए खर्च होंगें। इसी प्रकार 35 किलोमीटर लंबाई की 6 सडक़ों की मरम्मत करवाई जाएगी। उन्होंने 25 किलोमीटर के कच्चे रास्तों को पक्का करवाने की भी घोषणा की।

Advertisement

नायब सैनी ने विकास रैली को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा संकल्प पत्र अनुसार जल्द ही 2 लाख युवाओं को नौकरियां दी जाएगी जिसमें से 34 हजार युवाओं को नौकरियां दी जा चुकी है। नये साल में पुलिस व अन्य विभागों में बड़ी संख्या में वैकेंसी निकाली जायेंगी।

नायब सिंह सैनी ने कहा कि खरखौदा कारोबारियों और निवेशकों के लिए आकर्षण का भी केंद्र बन रहा है। इस दिशा में आईएमटी खरखौदा में मारुति सुजुकी द्वारा 18 हजार करोड़ रुपये के निवेश से एक अल्ट्रा मेगा ऑटो उद्योग परियोजना स्थापित की जा रही है। सुजुकी मोटरसाइकिल द्वारा 2 हजार करोड़ रुपये के निवेश से उद्योग लगाया जा रहा है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने हरियाणा साहित्य एवं संस्कृति अकादमी पंचकूला द्वारा प्रकाशित तथा पंडित दधिचि ऋषि वत्स द्वारा रचित पुस्तक पंडित लख्मीचंद का ब्रह्म ज्ञान का विमोचन भी किया। विकास रैली को कैबिनेट मंत्री अरविंद शर्मा, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली और खरखौदा के विधायक पवन ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर सोनीपत से विधायक निखिल मदान, गन्नौर से विधायक देवेंद्र कादियान, सोनीपत के मेयर राजीव जैन आदि भी मौजूद रहे।

मंत्री बोले, गोहाना को जिला बना दो, बरोदा में भी खिलेगा कमल

खरखौदा विकास रैली में सहकारिता मंत्री अरविंद शर्मा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के सामने पैरवी करते हुए कहा कि गोहाना को जिला बनाने में आ रही तकनीकी अड़चनों को शीघ्र दूर करते हुए जिला बना दो, फिर बरोदा में भी कमल का फूल खिलेगा। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि गोहाना को जिला बनाने का आवेदन कमेटी के पास आया हुआ है, जैसे ही वहां से वेरिफाई होकर आएगा, उस पर विचार किया जाएगा।

Advertisement
×