NEET UG 2026 Result : एक पुलिसकर्मी की बेटी तो दूसरा अखबार वाले का बेटा... NEET रिजल्ट में चमके हिसार के दो सितारे
हिमांशी ने NEET-UG में AIR 119 और कुनाल मित्तल AIR 3454 हासिल किया
NEET UG 2026 Result : वर्दी के घर से निकली प्रतिभा ने अब सफेद कोट की राह रोशन कर दी। हिसार पुलिस परिवार के लिए गर्व का क्षण तब आया, जब सीआईए बरवाला में तैनात सहायक उपनिरीक्षक राजकुमार की पुत्री हिमांशी मलिक ने NEET-UG परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक (AIR) 119 हासिल कर सफलता का नया कीर्तिमान स्थापित किया। ग्रामीण परिवेश से आने वाली हिमांशी उकलाना क्षेत्र और आसपास के इलाकों की अब तक की सबसे उत्कृष्ट नीट रैंक प्राप्त करने वाली छात्रा बन गई हैं।
मध्यमवर्गीय परिवार से ताल्लुक रखने वाली हिमांशी की माता गृहिणी हैं, जबकि पिता हरियाणा पुलिस में सहायक उपनिरीक्षक हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद हिमांशी ने कठिन परिश्रम, अनुशासन और अटूट संकल्प के बल पर यह उपलब्धि हासिल कर साबित कर दिया कि "हौसलों की उड़ान के आगे हालात भी सिर झुका देते हैं।"
पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन, आईपीएस ने हिमांशी और उनके परिवार को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता पूरे हिसार पुलिस परिवार और जिले के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने विश्वास जताया कि हिमांशी भविष्य में एक कुशल, संवेदनशील और समर्पित चिकित्सक बनकर समाज की सेवा करेंगी तथा विशेष रूप से ग्रामीण अंचल की बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेंगी। हिसार पुलिस परिवार ने हिमांशी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए इस अभूतपूर्व उपलब्धि पर उन्हें और उनके परिजनों को शुभकामनाएं दीं।
अखबार बांटने वाले के बेटे ने लिखी कामयाबी की नई इबारत, NEET में AIR 3454 हासिल
सीमित संसाधनों के बावजूद अटूट मेहनत, अनुशासन और बुलंद हौसलों के बल पर हिसार के समाचार पत्र वितरक पवन मित्तल के पुत्र कुनाल मित्तल ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) में शानदार सफलता हासिल कर शहर का गौरव बढ़ाया है। करीब 20 लाख अभ्यर्थियों के बीच कुनाल ने ऑल इंडिया रैंक (AIR) 3454 और कैटेगरी रैंक 319 प्राप्त कर यह साबित कर दिया कि सपनों की उड़ान परिस्थितियों की नहीं, परिश्रम की मोहताज होती है। अब उनका लक्ष्य देश के प्रतिष्ठित मेडिकल कॉलेज में प्रवेश लेकर एमबीबीएस की पढ़ाई करना और डॉक्टर बनकर समाज की सेवा करना है।
कुनाल ने बताया कि सफलता का मंत्र नियमित अध्ययन, आत्मअनुशासन और लक्ष्य के प्रति अटूट समर्पण रहा। उन्होंने प्रतिदिन 14 से 15 घंटे पढ़ाई की और तैयारी के दौरान मोबाइल व अन्य distractions से पूरी तरह दूरी बनाए रखी। पिछले 30 वर्षों से समाचार वितरण का कार्य कर रहे पवन मित्तल और उनकी पत्नी शिल्पा ने सीमित आय में बच्चों को उच्च शिक्षा दिलाकर मिसाल कायम की है। बेटी रिम्पी पंजाब नेशनल बैंक में कृषि अधिकारी हैं, दामाद अंशुल बंसल केनरा बैंक में सहायक प्रबंधक हैं, जबकि छोटा बेटा साहिल मित्तल नोएडा से कंप्यूटर इंजीनियरिंग के अंतिम वर्ष की पढ़ाई कर रहा है। कुनाल की उपलब्धि पर परिवार, मित्रों और शहरवासियों में खुशी की लहर है।

