Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
Grand Independence Day Sale
search-icon-img
Advertisement

NEET Protest Lambi : विद्यार्थियों पर लाठीचार्ज के विरोध में लंबी और सिंघेवाला में फूंके केंद्र सरकार के पुतले

भाकियू (उगराहां) और पंजाब खेत मजदूर यूनियन का प्रदर्शन, नीट पेपर लीक मामले की न्यायिक जांच की उठाई मांग

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
Advertisement

NEET Protest Lambi : दिल्ली में संसद की ओर मार्च कर रहे विद्यार्थियों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में मंगलवार को भारतीय किसान यूनियन (उगराहां) और पंजाब खेत मजदूर यूनियन ने लंबी तथा गांव सिंघेवाला में प्रदर्शन कर केंद्र सरकार के पुतले फूंके। प्रदर्शनकारियों ने नीट पेपर लीक मामले की न्यायिक जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

भाकियू (उगराहां) के ब्लॉक प्रधान गुरपाश सिंह सिंघेवाला तथा पंजाब खेत मजदूर यूनियन के नेता काला सिंह खुनण खुर्द के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में किसानों, खेत मजदूरों और कर्मचारियों ने भाग लिया। वक्ताओं ने कहा कि विद्यार्थियों पर बल प्रयोग लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है और सरकार को उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतले फूंककर विरोध जताया।

Advertisement

'लाखों युवाओं की उम्मीदों पर फिरा पानी'

पंजाब खेत मजदूर यूनियन के प्रदेश महासचिव लछमण सेवेवाला, किसान नेता गुरपाश सिंह सिंघेवाला, मलकीत सिंह गग्गड़, मनोहर सिंह सिखवाला, पेंशनर एसोसिएशन के नेता दिलावर सिंह तथा प्रकाश चंद चन्नू ने आरोप लगाया कि जंतर-मंतर से संसद की ओर मार्च कर रहे विद्यार्थियों पर पुलिस के साथ सादे कपड़ों में मौजूद कुछ लोगों ने भी हमला किया। उन्होंने दावा किया कि इस कार्रवाई में कई विद्यार्थी घायल हुए तथा उनके खिलाफ मुकदमे भी दर्ज किए गए।

Advertisement

वक्ताओं ने कहा कि विद्यार्थी पिछले 24 दिनों से नीट पेपर लीक मामले की न्यायिक जांच, घोटाले में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दे रही है। लछमण सेवेवाला ने आरोप लगाया कि नीट पेपर लीक से लाखों युवाओं की उम्मीदों पर पानी फिर गया है।

निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग

नेताओं ने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार के कार्यकाल में कई भर्ती और प्रवेश परीक्षाओं के पेपर लीक हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि दोबारा आयोजित नीट परीक्षा में भी दो लाख से अधिक विद्यार्थी शामिल नहीं हो सके। साथ ही, इस पूरे घटनाक्रम के कारण कई विद्यार्थियों के मानसिक तनाव का भी उल्लेख किया।

प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार से विद्यार्थियों की मांगों पर गंभीरता से विचार करने, नीट पेपर लीक मामले की निष्पक्ष न्यायिक जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।

प्रदर्शन में किसान नेता हरपाल सिंह किलियांवाली, मजदूर नेता रामपाल गग्गड़, कर्मचारी नेता परमजीत सिंह खिउवाली सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Advertisement
×