NCR News: गुरुग्राम-सोहना राजमार्ग पर फिर धंसी सड़क, मरम्मत कार्य के बीच सामने आई समस्या
NCR News: स्थानीय सुभाष चौक के पास 'गुरुग्राम-सोहना एलिवेटेड' राजमार्ग का एक हिस्सा एक बार फिर धंस गया है, जबकि इस वर्ष मई में भी इसी जगह पर सड़क धंसी थी, जिसकी मरम्मत का काम अभी तक पूरा नहीं हो...
NCR News: स्थानीय सुभाष चौक के पास 'गुरुग्राम-सोहना एलिवेटेड' राजमार्ग का एक हिस्सा एक बार फिर धंस गया है, जबकि इस वर्ष मई में भी इसी जगह पर सड़क धंसी थी, जिसकी मरम्मत का काम अभी तक पूरा नहीं हो पाया है।
अधिकारियों के अनुसार, सोमवार शाम को सड़क का यह हिस्सा उस वक्त धंस गया, जब निर्माण सामग्री से लदा एक ट्रक वहां से गुजरा। यह ट्रक उसी हिस्से की तरफ जा रहा था जहां मरम्मत का काम चल रहा था। इस हादसे के कारण राजमार्ग की एक लेन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है।
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने इस घटना को निर्माण कार्य के दौरान होने वाली सामान्य घटना बताया है। हालांकि, करीब 2,000 करोड़ रुपये की लागत से बने गुरुग्राम-सोहना एलिवेटेड राजमार्ग पर बार-बार सड़क धंसने की घटनाओं ने सवाल खड़े कर दिए हैं।
छह मई को सुभाष चौक के पास ही राजमार्ग का एक हिस्सा धंस गया था। उस समय गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) की पाइपलाइन फटने को इसका मुख्य कारण बताया गया था। इसके बाद यातायात के लिए एक लेन बंद कर दी गई थी और मरम्मत कार्य अब भी जारी था। एक अन्य घटना में, शहर में हाल में हुई मूसलाधार बारिश के दौरान एक स्कूल बस का पहिया प्रभावित हिस्से में फंस गया था।
हालांकि, उस समय बस में कोई बच्चा सवार नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। एनएचएआई के परियोजना निदेशक योगेश तिलक ने कहा कि मौके पर सड़क का काम फिलहाल जारी है। निर्माण कार्य के दौरान निर्माण सामग्री से लदा एक ट्रक वहां पहुंचा, जिसके कारण सड़क का एक हिस्सा एक जगह धंस गया। उन्होंने कहा कि निर्माण गतिविधियों के दौरान ऐसी स्थिति उत्पन्न होने की संभावना रहती है और मरम्मत कार्य किया जा रहा है।

