मुस्कान की तेरहवीं आज, गिरफ्तारी की मांग पर गरमाया मामला; शाम को पंचायत की संभावना
Muskan Death Case: मृतका का के पिता ने 12 अगस्त तक आरोपियों दे रखी राहत, पुलिस को दे रखी है लिखित
Muskan Death Case: गांव बहुअकबरपुर निवासी अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी शीलू बल्हारा की पत्नी मुस्कान की तेरहवीं आज है। मुस्कान की मौत के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर मायके पक्ष और ससुराल पक्ष के बीच मामला लगातार तूल पकड़ रहा है।
मृतका के परिजनों ने पंचायत तक का समय दिया हुआ है और इसके बाद शीलू बल्हारा सहित परिवार के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी की मांग की है। बताया जा रहा है कि तेरहवीं के बाद सोमवार शाम को गांव फरमाणा और बहुअकबरपुर के ग्रामीणों की पंचायत होने की संभावना है।
पंचायत में मुस्कान की मौत के मामले में आगे की रणनीति और आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर चर्चा हो सकती है। मामले को लेकर दोनों पक्षों के ग्रामीणों में भी लगातार बातचीत चल रही है। मुस्कान के पिता ने पुलिस को आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 12 अगस्त तक की मोहलत दे रखी है। इससे पहले पुलिस ने मुस्कान के पति शीलू, ससुर, सास और भाई को हिरासत में लिया था, लेकिन मुस्कान के पिता की ओर से लिखित में दिए जाने के बाद पुलिस ने चारों को छोड़ दिया था।
31 जुलाई को घर में फंदा लगाकर जान दी थी
बताया जा रहा है कि 31 जुलाई को मुस्कान ने घर पर फंदा लगाकर जान दे दी थी। इसके बाद पुलिस ने मृतका के पिता की शिकायत पर उसके पति शीलू बल्हारा, ससुर, सास और भाई के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज किया था। मायके पक्ष की ओर से आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की जा रही है। अब आज तेरहवीं के बाद संभावित पंचायत और 12 अगस्त की समय-सीमा को देखते हुए पुलिस की कार्रवाई पर सबकी नजर है। पंचायत में क्या फैसला होता है और पुलिस इस मामले में आगे क्या कदम उठाती है, यह आने वाले दिनों में साफ होगा।

