Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
Add Tribune As Your Trusted Source
search-icon-img
Advertisement

कर्मचारी नेताओं के साथ बैठक, परिचालकों के ग्रेड पे और तीन वेतनवृद्धियों के मामले बढ़ेंगे आगे

रोडवेज में स्टाफ की कमी दूर करने की कवायद, 700 कंडक्टर जल्द भर्ती होंगे

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
Advertisement

हरियाणा रोडवेज में परिचालकों की कमी दूर करने के लिए सरकार ने एक साथ भर्ती और पदोन्नति की प्रक्रिया आगे बढ़ाने का फैसला किया है। 700 परिचालकों के पद जल्द भरे जाएंगे, जबकि 2072 नियमित परिचालकों की भर्ती का प्रस्ताव हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग को भेजने की तैयारी है। इसके अलावा 700 मौजूदा परिचालकों को पदोन्नति देने के निर्देश भी परिवहन मंत्री अनिल विज ने दिए हैं। इससे रोडवेज के संचालन में लंबे समय से बनी स्टाफ की कमी दूर करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है।

मंगलवार को चंडीगढ़ में हरियाणा रोडवेज कर्मचारी सांझा मोर्चा के साथ हुई बैठक में विज ने कर्मचारियों की वेतन-भत्तों से जुड़ी मांगों के साथ बस संचालन और पदोन्नति के मामलों पर भी फैसले लिए। बैठक में परिवहन विभाग के आयुक्त एवं सचिव अतुल कुमार, राज्य परिवहन निदेशक धीरेन्द्र खटगड़ा, वित्त विभाग के अतिरिक्त सचिव हितेश मीणा तथा सांझा मोर्चा के राज्य प्रधान अशोक खोखर, राज्य महासचिव सुनील शर्मा, राज्य प्रधान पवन साहरण, चंद्र सोलंकी, कर्मवीर नरवाल, निशान सिंह, दिनेश, नीरज शर्मा, विजय और अशोक कुमार सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Advertisement

भर्ती के साथ पदोन्नति पर भी जोर

2072 नियमित परिचालकों की नियुक्ति के लिए प्रस्ताव मुख्यमंत्री की स्वीकृति के लिए भेजा गया है। स्वीकृति के बाद इसे हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग को भेजा जाएगा। वहीं 700 परिचालकों की भर्ती जल्द करने के निर्देश दिए गए हैं। 700 मौजूदा परिचालकों की पदोन्नति की प्रक्रिया भी तेज करने को कहा गया है। चालकों को हैवी पे ग्रेड देने और स्टैंड इंचार्ज के पद सृजित करने के मामलों का भी दोबारा अध्ययन किया जाएगा। पदोन्नति के अवसर बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।

Advertisement

आठ घंटे बाद ओवरटाइम

चालक-परिचालकों के लिए आठ घंटे की ड्यूटी के बाद नियमानुसार ओवरटाइम देने पर सहमति बनी। परिचालकों के ग्रेड पे में बढ़ोतरी के लिए पड़ोसी राज्यों की व्यवस्था का अध्ययन कर मामला सरकार को भेजा जाएगा। लिपिकों की तर्ज पर परिचालकों को तीन वेतनवृद्धियां देने का प्रस्ताव वित्त विभाग को भेजा जाएगा। विज ने कहा कि बैठक में करीब 80 से 90 फीसदी मांगों पर सहमति बनी है।

वर्दी और जूता भत्ते में बढ़ोतरी

वर्दी और जूता भत्ते में बढ़ोतरी को मुख्यमंत्री की मंजूरी मिल चुकी है। गर्मी की वर्दी का भत्ता 1350 से बढ़ाकर 2000 और सर्दी की वर्दी का 1450 से 1780 रुपये करने का प्रस्ताव है। जूता भत्ता 1000 से बढ़ाकर 1600 रुपये करने का प्रस्ताव भी स्वीकृत हो चुका है और मामला वित्त विभाग के पास है। एक माह के वेतन के बराबर बोनस देने, रात्रि ठहराव और 25 दिन के भुगतान से जुड़ी शक्तियां महाप्रबंधकों को देने के मामले भी आगे बढ़ेंगे। जोखिम भत्ता, एक्स-ग्रेशिया और कैशलेस मेडिकल सुविधा पर भी चर्चा हुई।

निजी बसों की टाइमिंग पर भी शिकंजा

रोडवेज की समय-सारिणी में जल्द बदलाव किया जाएगा। विज ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोई निजी बस हरियाणा रोडवेज की बस से पहले न चले। इलेक्ट्रिक बसों की संख्या बढ़ाने के लिए भी प्रक्रिया आगे बढ़ाने को कहा गया। एचकेआरएन के तहत लगे परिचालकों और हेल्परों तथा पार्ट-2 के हेल्परों को नियमित करने के मामले पर भी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। 2018 में भर्ती कर्मशाला के ग्रुप-डी कर्मचारियों को तकनीकी पदों पर पदोन्नति, अर्जित अवकाश और कैलेंडर हॉलिडे से जुड़े मामलों पर भी सरकार एवं वित्त विभाग की मंजूरी ली जाएगी। बैठक में तय फैसलों की एक माह बाद समीक्षा होगी।

Advertisement
×