31 मार्च तक तैयार हो जाएगा मेडिकल कॉलेज : घनश्याम दास अरोड़ा
एक हजार करोड़ रुपये की लागत से पांजपुर गांव में बन रहा मेडिकल कॉलेज 31 मार्च तक तैयार हो जाएगा और आगामी वर्ष से इसमें दाखिले भी आरंभ हो जाएंगे। यह जानकारी यमुनानगर के विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने...
एक हजार करोड़ रुपये की लागत से पांजपुर गांव में बन रहा मेडिकल कॉलेज 31 मार्च तक तैयार हो जाएगा और आगामी वर्ष से इसमें दाखिले भी आरंभ हो जाएंगे। यह जानकारी यमुनानगर के विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने श्री लालद्वारा कॉलोनी वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दी। कार्यक्रम में अपनी समस्याओं से संबंधित मांग पत्र भी विधायक को सौंपा। विधायक धनश्याम दास अरोड़ा ने बताया कि यमुनानगर विधानसभा क्षेत्र में करोड़ों रुपये की लागत से अनेक विकास कार्य करवाये जा चुके हैं और करोड़ों रुपये के विकास कार्यों का काम भी चल रहा है। 8800 करोड़ रुपये की लागत से सुपर थर्मल पावर प्लांट का कार्य करवाया जा रहा है। 6 करोड़ रुपये की लागत से हमीदा हैड के पास विश्वस्तरीय पार्क का निर्माण करवाया जा रहा है।
साथ ही 12 करोड़ रुपये की लागत से बॉडी माजरा के पास रिवर फ्रंट का निर्माण कार्य करवाया जा रहा है। यह पर्यटक स्थल के रूप में शहर के लिए बड़ी सौगात होगा, वहीं इसके बनने से शहर के राजस्व में भी बढ़ोतरी होगी। उन्होंने बताया कि छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को यमुना किनारे पूजा करने में दिक्कत होती थी, इसके लिए 2 करोड़ 49 लाख रुपये की लागत से तीन घाटों का निर्माण कार्य करवाया जा रहा है। विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने बताया कि यमुनानगर शहर वासियों को सीवरेज से संबंधित समस्या से निजात मिल सके इसके लिए अमृत टू योजना के तहत 130 करोड़ रुपये की लागत से सीवरेज की नयी लाइनें बचाने के कार्य को मंजूरी मिल चुकी है और इस पर कार्य भी आरंभ हो गया है। उन्होंने कॉलोनी वासियों की समस्याओं का शीघ्र अति शीघ्र समाधान करवाने का आश्वासन दिया।
एसोसिएशन के प्रधान विनोद राणा ने विधायक व अन्य का स्वागत करते हुए बताया कि कॉलोनी में कई बिजली के पोल सड़क के बीच लगे हुए हैं, जिस कारण अकसर दुर्घटनाएं होती हैं। साथ ही लालद्वारा मंदिर से कालिंदी कॉलोनी तक खराब हो गई सड़क को बनवाया जाए। पूर्व सीनियर डिप्टी मेयर पवन बिट्टू ने विधायक घनश्याम दास अरोड़ा की तारीफ करते हुए कहा कि उन द्वारा करवाये जा रहे रिकॉर्ड तोड़ विकास कार्यों के कारण ही जनता ने उन्हें तीन बार विधायक बनाया है। उन्होंने भी कॉलोनी वासियों की समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान करवाने का आग्रह किया।
इस मौके पर मनदीप कंडेला, भाजपा नेता पवन बिट्टू पार्षदा भावना बिट्टू, नीरू चौहान, भूपेंद्र राणा, डॉक्टर प्रकाश, उपप्रधान बलवंत सिंह, सहसचिव प्रकाशचंद, एसोसिएशन सदस्य रघुबीर सिंह, रविश चौहान, रितु मेहता, नीरू, सोमप्रकाश ओबेरॉय, भाजपा जिला यमुनानगर मीडिया प्रभारी कपिल मनीष गर्ग मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

