शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए क्रियान्वित की अनेक योजनाएं : रामकुमार कश्यप
पीएमश्री राजकीय विद्यालय इन्द्री में 50 लाख से बनेंगे पांच कमरे
विधायक एवं गवर्नमेंट चीफ व्हिप रामकुमार कश्यप ने सोमवार को स्थानीय पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में 50 लाख रुपये की लागत से बनने वाले स्कूल के 5 कमरों के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। स्कूल में पहुंचने पर विधायक का बीईओ डॉ. गुरनाम सिंह मंढ़ाण, प्रधानाचार्य डॉ. करनैल चंद बैंस, जेई संजीव कुमार सहित अध्यापकों ने फूलमालाओं के साथ जोरदार स्वागत किया।
विधायक एवं गवर्नमेंट चीफ व्हिप रामकुमार कश्यप ने बताया कि पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय इन्द्री में कुल 10 कमरों का निर्माण करवाया जाएगा, जिनमें से आज 5 कमरों के निर्माण कार्य का शुभारम्भ किया गया है। जल्द ही 50 लाख रुपये की अतिरिक्त राशि से अन्य 5 कमरों का निर्माण होगा, जिनकी टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। उन्होंने बताया कि स्कूल में एक करोड़ रुपये की लागत से 10 कमरे बनाए जाएंगे, जिनमें पुस्तकालय, भौतिकी प्रयोगशाला व रसायन विज्ञान की प्रयोग भी शामिल हैं। कमरों के आगे 7 फुट का बरामदा भी बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि गांव भादसों के राजकीय स्कूल में 10 कमरे, कलरी जगीर स्कूल में 8 कमरे, कलसौरा स्कूल में एक कमरा व चारदिवारी, खेड़ी मान सिंह स्कूल में 12 कमरे, ब्याना व गढ़ी बीरबल के सरकारी स्कूलों की चारदिवारी सहित अन्य स्कूलों में निर्माण कार्य जल्द शुरू किया जाएगा।
विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार ने शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए अनेक योजनाएं क्रियान्वित की गई हैं। आज हरियाणा शिक्षा के हब के रूप में अपनी पहचान बना रहा है। विधायक ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी व केन्द्रीय मंत्री मनोहर लाल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार हरियाणा को देश में अग्रणी राज्य बनाने के लिए दृढ़ संकल्प है और इसी संकल्प को पूरा करने के लिए बिना किसी भेदभाव के पूरे प्रदेश में समान रूप से विकास कार्य करवाये जा रहे हैं। इस अवसर पर नगरपालिका चेयरमैन राकेश पाल, भाजपा मंडल अध्यक्ष विजय कश्यप, पार्षद वीना, पार्षद शशी कांता, पार्षद कंवलजीत लक्की, पार्षद सेठपाल वर्मा, सुमित सैनी, रमन सैनी, फूल सिंह, अमित सभ्रवाल, सुभाष खेड़ा, अनुज गर्ग, राम मूर्ति, नरेन्द्र बंटी वाल्मीकि, श्रीचंद, बालक राम, प्रताप सरपंच, कर्ण सिंह, सुरेन्द्र, रिषी पाल, संजीव सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

