मंडी प्रधान एवं आढ़ती मांगों को लेकर सौंपेंगे ज्ञापन
हरियाणा अनाज मंडी आढ़ती एसोसिएशन के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष एवं एसोसिएशन के पानीपत जिला प्रधान धर्मबीर मलिक ने सोमवार को पानीपत अनाज मंडी में आढ़तियों के साथ मीटिंग की। इसमें धर्मबीर मलिक ने रविवार को सोनीपत के अग्रवाल भवन...
हरियाणा अनाज मंडी आढ़ती एसोसिएशन के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष एवं एसोसिएशन के पानीपत जिला प्रधान धर्मबीर मलिक ने सोमवार को पानीपत अनाज मंडी में आढ़तियों के साथ मीटिंग की। इसमें धर्मबीर मलिक ने रविवार को सोनीपत के अग्रवाल भवन में हुई आढ़ती एसोसिएशन की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में लिये गये फैसलों की जानकारी दी। मलिक ने कहा कि आढ़ती एसोसिएशन की राज्य कार्यकारिणी के निर्देशानुसार पानीपत जिला की सभी अनाज मंडियों के प्रधान एवं पदाधिकारी और सभी आढ़ती 7 सितंबर को आढ़तियों की बकाया आढ़त देने सहित अन्य मांगों को लेकर जिला मुख्यालय पर एकत्रित होकर ज्ञापन सौंपेंगे। इस मौके पर धर्मबीर मलिक ने बताया कि आढ़तियों की मांगों में बकाया आढ़त जल्द देने, शार्टेज, बूथ पर लाइसेंस, आढ़तियों को कम मजदूरी के भुगतान, नमीयुक्त धान की खरीद के पश्चात काटे जाने वाली वजन की कटौती, आढ़तियों को मिल रही कम आढ़त व एकमुश्त लाइसेंस रिन्यूअल आदि शामिल है। मलिक ने बताया कि राज्य कार्यकारिणी ने ई-नेम टू में किसानों के रजिस्ट्रेशन की अनिवार्यता को भी समाप्त करने की मांग की है।

