पर्यावरण संरक्षण को प्रशासनिक कार्यप्रणाली का अनिवार्य हिस्सा बनाएं : कश्यप
हरियाणा विधानसभा की प्रदूषण तथा पर्यावरण संबंधी समिति के चेयरमैन एवं विधायक राम कुमार कश्यप ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सरकार, प्रशासन, सभी विभागों और आमजन की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को...
हरियाणा विधानसभा की प्रदूषण तथा पर्यावरण संबंधी समिति के चेयरमैन एवं विधायक राम कुमार कश्यप ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सरकार, प्रशासन, सभी विभागों और आमजन की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को वायु एवं जल प्रदूषण की रोकथाम के लिए ठोस, प्रभावी और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
फरीदाबाद में समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कश्यप ने कहा कि विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण की चुनौती भी बढ़ रही है। जलवायु परिवर्तन, वायु एवं जल प्रदूषण, प्लास्टिक कचरा और घटता हरित क्षेत्र गंभीर विषय हैं। उन्होंने फरीदाबाद के बढ़े हुए एक्यूआई पर चिंता जताते हुए सर्दियों से पहले प्रदूषण नियंत्रण की प्रभावी कार्ययोजना लागू करने को कहा।
उन्होंने औद्योगिक इकाइयों में पर्यावरणीय मानकों की पालना, ईटीपी के संचालन और उपचारित पानी के अधिकतम पुन: उपयोग की निगरानी के निर्देश दिए। एयर पॉल्यूशन कंट्रोल डिवाइस व ईटीपी के लिए दी जा रही सब्सिडी की समीक्षा करते हुए पात्र इकाइयों का भौतिक निरीक्षण सुनिश्चित करने को कहा।
कश्यप ने कचरा प्रबंधन, प्लास्टिक कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण, खुले में कचरा जलाने, तार जलाने और धूल प्रदूषण पर प्रभावी रोक लगाने के निर्देश दिए। बैठक के बाद समिति ने विभिन्न औद्योगिक व पर्यावरणीय स्थलों का निरीक्षण किया। सेक्टर-62-63 और अल्फलाह यूनिवर्सिटी में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।

