Lawyers Protest: महेंद्रगढ़ बार एसोसिएशन के समर्थन में जिला के वकीलों ने किया वर्क सस्पेंड
Lawyers Protest: महेंद्रगढ़ बार एसोसिएशन द्वारा पारित प्रस्ताव के समर्थन में शुक्रवार को जिला बार एसोसिएशन नारनौल के आह्वान पर नारनौल, नांगल चौधरी और अटेली के अधिवक्ताओं ने वर्क सस्पेंड रखा। इसके चलते तीनों स्थानों की रेवेन्यू कोर्ट और न्यायिक...
Lawyers Protest: महेंद्रगढ़ बार एसोसिएशन द्वारा पारित प्रस्ताव के समर्थन में शुक्रवार को जिला बार एसोसिएशन नारनौल के आह्वान पर नारनौल, नांगल चौधरी और अटेली के अधिवक्ताओं ने वर्क सस्पेंड रखा। इसके चलते तीनों स्थानों की रेवेन्यू कोर्ट और न्यायिक अदालतों में अधिवक्ता पेश नहीं हुए।
जिला बार एसोसिएशन नारनौल के प्रधान संतोख सिंह ने बताया कि महेंद्रगढ़ बार एसोसिएशन की ओर से पुलिस प्रशासन के साथ चल रहे विवाद और एडीएम कोर्ट से जुड़े मुद्दों को लेकर प्रस्ताव पारित किया गया था। इसी के समर्थन में जिले की विभिन्न बार एसोसिएशनों ने एकजुटता दिखाते हुए एक दिन का वर्क सस्पेंड रखने का निर्णय लिया।
अदालतों में काम ना होने से लोग हुए परेशान
वर्क सस्पेंड के कारण रेवेन्यू कोर्ट और न्यायिक अदालतों में अधिवक्ताओं की अनुपस्थिति रही। जिन पक्षकारों के मामलों की शुक्रवार को सुनवाई निर्धारित थी, उन्हें बिना कार्यवाही के वापस लौटना पड़ा। कई लोगों को अगली तारीख मिलने का इंतजार करना पड़ा, जबकि दूर-दराज के क्षेत्रों से आए लोगों को समय और धन दोनों का नुकसान उठाना पड़ा।
बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों का कहना है कि अधिवक्ताओं का यह कदम न्यायिक व्यवस्था और अधिवक्ताओं के सम्मान से जुड़े मुद्दों को लेकर एकजुटता का प्रतीक है। उन्होंने उम्मीद जताई कि संबंधित मामलों का शीघ्र समाधान निकाला जाएगा, ताकि भविष्य में इस प्रकार की स्थिति उत्पन्न न हो।
अदालत परिसर में पूरे दिन सामान्य दिनों की अपेक्षा काफी कम गतिविधियां देखने को मिलीं। बड़ी संख्या में लोग अपने अधिवक्ताओं से संपर्क करते रहे और कार्यवाही नहीं होने से निराश नजर आए। बार एसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि यह वर्क सस्पेंड महेंद्रगढ़ बार के समर्थन में सामूहिक निर्णय के तहत किया गया।

