Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
search-icon-img
Advertisement

लाडवा का तेज गति से करवाया जा रहा विकास : नायब सैनी

मुख्यमंत्री ने बाबैन में सरस्वती चौक के सौंदर्यीकरण का किया उद्घाटन

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
featured-img featured-img
बाबैन में नवनिर्मित सरस्वती चौक का उद्घाटन करते मुख्यमंत्री नायब सैनी। -निस
Advertisement

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि लाडवा विधानसभा के विकास को तेज गति के साथ करवाया जा रहा है। लाडवा में रोजाना किसी न किसी विकास कार्य का शिलान्यास व उद्घाटन किया जा रहा है। विधानसभा के गांव व शहरी क्षेत्र में करोड़ों रुपये की लागत वाली विभिन्न परियोजनाओं पर काम चल रहा है। जब इन सभी कार्यों का निर्माण पूरा होगा तो प्रदेश में लाडवा विधानसभा दूसरी विधानसभाओं के लिए मॉडल का काम करेगा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शनिवार को बाबैन में बनाए गए सरस्वती चौक के सौंदर्यीकरण का उद्घाटन करने के उपरांत पत्रकारों के साथ बातचीत कर रहे थे। इस अवसर पर बाबैन पहुंचने पर बाबैन के सरपंच संजीव कुमार सिंगला व मंडल अध्यक्ष विकास शर्मा के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बाबैन के नागरिकों की समस्याओं को सुना और उन समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों को दिशा निर्देश भी दिए।

Advertisement

मुख्यमंत्री ने कहा कि उमरी में करीब 5 एकड़ में संत शिरोमणि गुरु रविदास स्मारक का निर्माण किया जा रहा है। राक्षी नदी को पक्का करने और उसके किनारों के साथ लाडवा शहर में रास्ता निर्माण किया जा रहा है। बिहोली में राजकीय पशु चिकित्सा पॉलिक्लीनिक व धनौरा जाटान में खिलाड़ियों के लिए खेल स्टेडियम तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि लाडवा के रामकुंडी के अग्रसेन चौक का सौंदर्यीकरण किया गया है।

Advertisement

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि वर्तमान सरकार ने प्रदेश में फसल खराब होने पर गत 11 सालों में किसानों को मुआवजे और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत क्लेम के रूप में अब तक 15 हजार 448 करोड़ रुपये की राशि दी है। फसलों के नुकसान की भरपाई के लिए 15 सितंबर तक ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल खोला गया था। इस नुकसान की भरपाई के लिए 53 हजार 821 किसानों को 116 करोड़ 15 लाख 57 हजार रुपये की मुआवजा राशि जारी कर दी है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि किसान हित हमारी नीतियों के केंद्र में है। हमने अपने संकल्प पत्र 2024 में सभी 24 फसलों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य पर करने का संकल्प लिया था। जब 17 अक्तूबर, 2024 को विधिवत रूप से हमारी सरकार बनी तो हमने 19 दिसंबर को ही किसानों की 24 फसलों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य पर करने की अधिसूचना जारी कर दी थी। उन्होंने कहा कि आज हरियाणा देश का एकमात्र ऐसा राज्य है, जहां किसानों की 24 फसलों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य पर की जा रही है।

इस मौके पर मुख्यमंत्री कार्यालय के प्रभारी कैलाश सैनी, उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा, पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल, बीडीपीओ आशुतोष, भाजपा के जिला अध्यक्ष तिजेंदर सिंह गोल्डी, जयभगवान शर्मा डीडी, सैनी समाज सभा के प्रधान गुरनाम सिंह, कुरुक्षेत्र सेन्ट्रल कोऑपरेटिव बैंक के चेयरमैन सुभाष धुराला, मंडल अध्यक्ष विकास शर्मा, बाबैन के सरपंच संजीव गोल्डी, बाबैन के पूर्व सरपंच सूर्य प्रकाश सैनी, बाबैन ग्राम सचिव वीरेंद्र कुमार, नायब सिंह पटाक माजरा, रीना सैनी, जितेंद्र खैरा, दुनीचंद टाटका, अनिल टाटकी, भीम बेरथला, डिम्पल सैनी, कौशल सैनी, सूर्य सैनी, नरेंद्र गोजरे, प्रदीप बिंट, पूर्व सरपंच गुरमीत सिंह, मेजर सिंह, संदीप कुमार के अलावा जिला प्रशासन के अनेक अधिकारी एवं अनेक पार्टी कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

Advertisement
×