Jind News: पंचायत मंत्री कृष्ण पंवार ने गिनाईं ग्रामीण विकास की योजनाएं
नंदीशाला-गौशाला से गोवंश संरक्षण, तालाबों के कायाकल्प और गांवों में सफाई पर सरकार का जोर
Jind News: पंचायती जमीनों पर वर्षों से मकान बनाकर रह रहे लोगों को मालिकाना हक देने से लेकर गांवों में सफाई व्यवस्था मजबूत करने और गोवंश के संरक्षण के लिए नंदीशाला व गौशालाएं खोलने तक प्रदेश सरकार ग्रामीण विकास को लेकर कई स्तरों पर काम कर रही है।
यह बात पंचायत मंत्री कृष्ण पंवार ने सोमवार को जींद में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कही। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य गांवों में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के साथ ग्रामीणों की पुरानी समस्याओं का समाधान करना है। पंचायत मंत्री ने कहा कि प्रदेश के करीब 19 हजार ग्रामीण तालाबों में से 2200 तालाबों को अमृत सरोवर योजना के लिए चुना गया है। इनमें से करीब एक हजार तालाबों का कायाकल्प किया जा चुका है, जबकि बाकी तालाबों को भी चरणबद्ध तरीके से विकसित किया जाएगा। तालाबों के सुधारीकरण से गांवों में जल संरक्षण के साथ-साथ ग्रामीण पर्यावरण को भी बेहतर बनाने का काम होगा।
गांवों में सफाई व्यवस्था होगी मजबूत
पंचायत मंत्री ने कहा कि गांवों में सफाई व्यवस्था को मजबूत करने के लिए बड़े गांवों में दो-दो और छोटे गांवों में एक-एक ट्रैक्टर-ट्राली उपलब्ध कराई जाएगी। इससे गांवों से कचरा उठाने और उसका उचित निस्तारण करने में पंचायतों को सुविधा मिलेगी। सरकार की ओर से सरपंचों को ट्रैक्टर-ट्राली के संचालन के लिए ड्राइवर, हेल्पर और वर्कर के मेहनताने की राशि भी उपलब्ध कराई जाएगी। इससे पंचायतों पर सफाई व्यवस्था का अतिरिक्त आर्थिक बोझ नहीं पड़ेगा।
गौवंश संरक्षण के लिए कर रहे काम
कृष्ण पंवार ने कहा कि गोवंश को सुरक्षित रखने के लिए प्रदेश में नंदीशालाएं और गौशालाएं खोली जा रही हैं। सरकार का प्रयास है कि बेसहारा गोवंश सड़कों पर न घूमे और उसे सुरक्षित स्थान पर रखने की व्यवस्था हो। इसके लिए पंचायत स्तर पर भी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
दे रहे मालिकाना हक
पंचायत मंत्री ने कहा कि 2004 से पहले पंचायती जमीन पर मकान बनाकर रह रहे लोगों को भी सरकार मालिकाना हक देने की दिशा में काम कर रही है। पात्र लोगों को कलेक्टर रेट से डेढ़ गुना राशि पर मालिकाना हक दिए जाने की व्यवस्था की जा रही है। इससे लंबे समय से पंचायती जमीन पर मकान बनाकर रह रहे परिवारों को अपने घर का कानूनी मालिकाना हक मिल सकेगा।
इस दौरान भाजपा जिला प्रधान तिजेंद्र ढुल और जिला महामंत्री पुष्पा तायल भी मौजूद रहे।

