Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
Add Tribune As Your Trusted Source
search-icon-img
Advertisement

Jind News : सरकारी ग्रीन बेल्ट पर कब्जे का खेल, सब्जियां उगाकर बना लिए निजी खेत; अब होगी बड़ी कार्रवाई

एक निर्माणाधीन मकान का सारा मलबा डाल ग्रीन बेल्ट की तबाह

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
featured-img featured-img
जींद में सफीदों रोड पर हुडा की ग्रीन बेल्ट में लोगों द्वारा अवैध रूप से उगाई गई सब्जियां। हप्र
Advertisement

Jind News : शहर की सुंदरता बढ़ाने के उद्देश्य से हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण प्रशासन (हुडा) द्वारा सफीदों रोड पर अर्बन एस्टेट कॉलोनी के मकानों के पीछे सरकारी जमीन पर विकसित की गई ग्रीन बेल्ट पर अब अवैध कब्जे का खेल सामने आया है। करीब 8.80 लाख रुपये खर्च कर विकसित की गई इस ग्रीन बेल्ट को कुछ लोगों ने अपनी निजी जागीर बना लिया है। करोड़ों रुपये कीमत की हुडा की ग्रीन बेल्ट की इस सरकारी जमीन पर अवैध रूप से सब्जियां उगाई जा रही हैं। कई मकान मालिकों ने अपने घरों के पीछे सफीदों रोड की तरफ अवैध गेट लगाकर ग्रीन बेल्ट में सीधा रास्ता भी बना लिया है।

आरटीआई में हुआ मामले का खुलासा

इस चौंकाने वाले मामले का खुलासा उस समय हुआ, जब आरटीआई एक्टिविस्ट विजेंद्र नायडू ने हुडा के जूनियर इंजीनियर मोहन को इसकी शिकायत दी। शिकायत के बाद जेई मोहन बुधवार को खुद मौके पर पहुंचे और पूरी ग्रीन बेल्ट का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सरकारी जमीन पर उगाई गई सब्जियां, अवैध गेट और ग्रीन बेल्ट का निजी उपयोग देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए।

Advertisement

जांच में सामने आया कि कई लोग ग्रीन बेल्ट में सब्जियों की खेती के लिए पीने के पानी का भी गैरकानूनी तरीके से इस्तेमाल कर रहे हैं। जिस भूमि को हरियाली बढ़ाने और शहर की सुंदरता के लिए विकसित किया गया था, उसे निजी खेती में बदल दिया गया है। इससे न केवल सरकारी संपत्ति पर कब्जा हुआ है, बल्कि सार्वजनिक संसाधनों का भी दुरुपयोग किया जा रहा है।

Advertisement

एक निर्माणाधीन मकान का सारा मलबा डाल ग्रीन ग्रीन बेल्ट की तबाह

सफीदों रोड पर हनुमान मंदिर के सामने अर्बन एस्टेट कॉलोनी के मकानों के पीछे की ग्रीन बेल्ट को एक मकान मालिक ने पूरी तरह तबाह कर दिया है। इस मकान मालिक ने अपने मकान से निकला सारा पक्का मलबा ग्रीन बेल्ट में डाल दिया है।

जेई ने कहा, देखा मौका ग्रीन बेल्ट पर सब्जी की अवैध खेती, होगी कार्रवाई

हुडा के जेई मोहन ने बताया कि उन्होंने खुद सफीदों रोड पर हनुमान मंदिर के सामने अर्बन एस्टेट के मकानों के पीछे हुडा की ग्रीन बेल्ट का मौका देखा है। यहां सरकारी ग्रीन बेल्ट में अवैध रूप से सब्जियां उगाई जा रही हैं और मकानों के पीछे लगाए गए गेट भी पूरी तरह अवैध हैं। इन सभी मामलों में संबंधित लोगों को नोटिस जारी किए जाएंगे और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अवैध गेट हटाने और सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराने की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी।

यह मामला सामने आने के बाद हुडा प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण या निजी उपयोग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कार्रवाई शुरू होने के बाद सफीदों रोड की ग्रीन बेल्ट को उसके मूल स्वरूप में बहाल करने की तैयारी है, ताकि जिस उद्देश्य से लाखों रुपये खर्च कर इसे विकसित किया गया था, वह पूरा हो सके।

Advertisement
×