HPWC Meeting : 127.87 करोड़ की परियोजनाओं को हरी झंडी, पौने 8 करोड़ की बचत
किसी भी स्तर पर लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी : सैनी
HPWC Meeting : हरियाणा में शहरी अवसंरचना को मजबूती देने की दिशा में सरकार ने एक और बड़ा कदम बढ़ाया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में बुधवार को यहां हरियाणा निवास में आयोजित शहरी स्थानीय निकाय विभाग की हाई-पावर्ड वर्क्स कमेटी (एचपीडब्ल्यूसी) की बैठक में प्रदेशभर की प्रमुख शहरी परियोजनाओं को मंजूरी दी गई।
बैठक में 127.87 करोड़ रुपये की शहरी अवसंरचना परियोजनाओं को स्वीकृति मिली, जबकि पारदर्शी प्रक्रिया के चलते लगभग 8.77 करोड़ रुपये की सीधी बचत भी सुनिश्चित की गई। बैठक में शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल की मौजूदगी में चार अहम परियोजनाओं पर मंथन हुआ। इनमें से तीन परियोजनाओं की निविदाओं को मंजूरी दी गई, जबकि एक परियोजना के लिए पुनः निविदा आमंत्रित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में कुल 136.64 करोड़ रुपये की तीन निविदाओं पर विचार किया गया।
बोलीदाताओं के साथ विस्तृत चर्चा और तकनीकी परीक्षण के बाद इन परियोजनाओं की लागत 127.87 करोड़ रुपये तय की गई। मुख्यमंत्री ने इसे सरकारी खर्च में पारदर्शिता और वित्तीय अनुशासन का उदाहरण बताया। सैनी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी परियोजनाओं को तय समयसीमा में और उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरा किया जाए। शहरी बुनियादी ढांचा केवल निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह नागरिकों की जीवन गुणवत्ता से सीधा जुड़ा विषय है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सार्वजनिक धन के उपयोग में पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्धता सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं। किसी भी स्तर पर लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरुण कुमार गुप्ता, अतिरिक्त प्रधान सचिव एवं आयुक्त एवं सचिव, शहरी स्थानीय निकाय डॉ. साकेत कुमार सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को परियोजनाओं की प्रगति, तकनीकी पहलुओं और आगामी कार्ययोजना से अवगत कराया। सरकार का कहना है कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से प्रदेश के शहरी क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाएं सुदृढ़ होंगी, स्वच्छता और जल आपूर्ति में सुधार आएगा और नागरिकों को बेहतर शहरी सेवाएं मिल सकेंगी।
फरीदाबाद, अंबाला और गुरुग्राम पर फोकस
स्वीकृत परियोजनाओं में अमृत योजना के तहत फरीदाबाद शहर के उन इलाकों में जल आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने की परियोजना शामिल है, जहां बुनियादी सुविधाओं की कमी लंबे समय से महसूस की जा रही थी। इसके अलावा अंबाला नगर निगम क्षेत्र में सड़कों की मशीनीकृत और मैनुअल सफाई के कार्य को भी मंजूरी दी गई, जिससे शहरी स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
बैठक में गुरुग्राम स्थित श्रीमाता शीतला देवी मंदिर परिसर के पुनर्विकास से जुड़े शेष कार्यों को भी स्वीकृति दी गई। इसमें सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े कार्यों के साथ-साथ इलेक्ट्रिकल सिस्टम, एचवीएसी और अग्निशमन प्रणालियों से संबंधित कार्य शामिल हैं, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

