Hisar Toll Plaza Crime : 130 रुपए के विवाद में स्कार्पियो सवारों ने टोल प्लाजा मैनेजर को कुचला, मौके से पिस्तौल बरामद
बद्दो-पट्टी टोल प्लाजा की घटना, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की
Toll Plaza Crime : हरियाणा के हिसार जिले में सोमवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। बरवाला कस्बे के पास हिसार-चंडीगढ़ हाईवे पर स्थित बद्दो-पट्टी टोल प्लाजा के मैनेजर को स्कार्पियो सवार कुछ युवकों ने कथित तौर पर टक्कर मार दी और उसके ऊपर से गाड़ी निकाल दी। यह पूरा विवाद महज 130 रुपये के टोल टैक्स को लेकर हुआ था।
सूत्रों के अनुसार, टोल प्लाजा पर मैनेजर ने पास के गांव से ताल्लुक रखने वाले इन युवकों से टोल शुल्क माफ करने के लिए लोकल आईडी (स्थानीय पहचान पत्र) दिखाने को कहा था। युवकों ने अपनी आईडी दिखा दी, लेकिन इसके बाद मैनेजर ने वाहन का पंजीकरण प्रमाण पत्र (आरसी) मांगा, जिसे लेकर दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हो गई।
विवाद बढ़ने पर गाड़ी से कुचला
बात इतनी बढ़ गई कि स्कार्पियो सवार युवकों ने गाड़ी भगाते हुए कथित तौर पर मैनेजर को जोरदार टक्कर मार दी। मैनेजर के सड़क पर गिरते ही चालक ने उसके ऊपर से गाड़ी चढ़ा दी। इस गंभीर घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूत्रों ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल से एक पिस्तौल भी बरामद की है, हालांकि इस बात को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है कि मौके पर कोई गोली चली थी या नहीं।
पुलिस कर रही है मामले की जांच
घटना की सूचना मिलते ही बरवाला थाना प्रभारी (एसएचओ) दलबीर सिंह पुनिया तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और इस संबंध में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

