Hisar News: सफाई बनी सजा: सीवर में समाई सांस, जहाज पुल पर युवक की दर्दनाक मौत
सीवरेज लाइन की सफाई के दौरान 18 वर्षीय प्रवासी मजदूर की मौत, दम घुटने की आशंका; पुलिस ने शुरू की जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
Hisar News: हिसार के जहाज पुल चौक पर शनिवार तड़के सीवरेज सफाई के दौरान एक दर्दनाक हादसे में 18 वर्षीय प्रवासी मजदूर की जान चली गई। उत्तर प्रदेश के हाथरस निवासी मेहरबान सीवर लाइन में सफाई के लिए उतरा था, लेकिन कुछ ही देर बाद बेहोश हालत में बाहर निकाला गया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक आशंका सीवर में जहरीली गैस से दम घुटने की जताई जा रही है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही होगा।
जानकारी के अनुसार जहाज पुल चौक पर पिछले चार-पांच दिनों से सीवरेज व्यवस्था को दुरुस्त करने का कार्य चल रहा था। शनिवार सुबह सफाई अभियान के दौरान 18 वर्षीय मेहरबान सीवर लाइन में उतरा। कुछ देर बाद जब वह बाहर नहीं आया तो साथी मजदूरों ने उसे निकालकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि मेहरबान कुछ समय पहले ही रोजी-रोटी की तलाश में उत्तर प्रदेश के हाथरस से हिसार आया था और सीवरेज सफाई का कार्य कर रहा था। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि परिजनों के बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल हादसे के कारणों की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

