Hisar News : सीआईए हिसार ने अंतरराज्यीय एटीएम चोरी गिरोह का किया पर्दाफाश, दो आरोपी पुलिस गिरफ्तार
वारदात में चोरी की गई नकदी का हिस्सा बरामद, गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी : एसपी सिद्धान्त जैन
Hisar News : पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धान्त जैन, आईपीएस के दिशा-निर्देशन में अपराध एवं संगठित अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत सीआईए हिसार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एटीएम मशीन को काटकर नकदी चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पांडू उर्फ चन्द्रराम निवासी गांव बिरदौल, जिला पिपरिया (मध्य प्रदेश) तथा हरिया उर्फ कालूराम निवासी कुहाड़ावास, थाना बुहाना (हाल निवासी गांव सिसाना, जिला झुंझुनूं, राजस्थान) के रूप में हुई है।
एसपी सिद्धान्त जैन ने बताया कि थाना सिविल लाइन क्षेत्र में स्थित एसबीआई के एटीएम से मशीन को काटकर करीब 3,38,200 रुपये चोरी किए जाने के संबंध में मामला दर्ज किया गया था। घटना के बाद पुलिस ने वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज तथा अन्य महत्वपूर्ण सुरागों के आधार पर गहन जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस टीम ने आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर एटीएम कक्ष का ताला तोड़कर मशीन की कैश वेंडिंग यूनिट को काटकर नकदी चोरी करने की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों के निशानदेही पर चोरी की रकम में से उनके हिस्से में आए 13 हजार रुपये बरामद किए गए हैं।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी अंतरराज्यीय एटीएम चोरी गिरोह से जुड़े हुए हैं तथा विभिन्न राज्यों में इस प्रकार की वारदातों में संलिप्त रहे हैं। आरोपियों के अन्य साथियों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
एसपी सिद्धान्त जैन ने कहा कि हिसार पुलिस संगठित अपराध एवं संपत्ति संबंधी अपराधों में शामिल अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के लिए प्रतिबद्ध है। मामले की जांच जारी है और गिरोह के अन्य सदस्यों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। जनता से भी अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

