Himachal News : भैंसे के हमले से वृद्ध की दर्दनाक मौत, अमलेहड़ पंचायत में पसरा मातम
हमले में वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े
Himachal News : नादौन उपमंडल की ग्राम पंचायत अमलेहड़ में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया। गांव पिखरू प्लाखर निवासी अजीत सिंह (75) पुत्र रूलिया राम की अपने ही भैंसे के हमले से मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार अजीत सिंह अपने पशुओं के पास मौजूद थे, तभी अचानक उनके भैंसे ने उन पर हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।
आस पास मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निर्मल सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कॉलेज हमीरपुर भेज दिया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है। स्थानीय लोगों ने इसे बेहद दुखद हादसा बताया है।
पुलिस ने ग्रामीणों और पशुपालकों से अपील करते हुए कहा है कि बड़े पशुओं के व्यवहार पर लगातार निगरानी रखें। यदि कोई पशु आक्रामक व्यवहार दिखाए तो तुरंत सुरक्षा उपाय अपनाएं। पुलिस ने विशेष रूप से बुजुर्गों को अकेले बड़े पशुओं के पास न भेजने और पशुओं को सुरक्षित स्थान पर बांधने की सलाह दी है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।

