Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
Add Tribune As Your Trusted Source
search-icon-img
Advertisement

HERC Chairman Appointment : एचईआरसी चेयरमैन के पद के लिए आवेदन की तारीख बढ़ी, अब 5 अक्तूबर तक मौका

नंद लाल शर्मा के निधन के बाद खाली हुआ पद, 3 सितंबर थी आवेदन की अंतिम तारीख

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
Advertisement

HERC Chairman Appointment :  हरियाणा विद्युत विनियामक आयोग (एचईआरसी) के चेयरमैन पद के लिए आवेदन करने की समयसीमा हरियाणा सरकार ने करीब एक महीने बढ़ा दी है। 3 सितंबर शाम पांच बजे समाप्त हो रही आवेदन प्रक्रिया अब 5 अक्टूबर शाम पांच बजे तक जारी रहेगी। यह पद एचईआरसी के तत्कालीन चेयरमैन नंद लाल शर्मा के निधन के बाद खाली हुआ है। ऊर्जा विभाग ने 3 सितंबर को जारी शुद्धिपत्र (कॉरिजेंडम) के जरिए आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ाने की जानकारी दी है।

नंद लाल शर्मा ने 2 फरवरी, 2024 को एचईआरसी चेयरमैन का पद संभाला था। इससे पहले वह केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र की बिजली कंपनी एसजेवीएन लिमिटेड के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) रहे थे। एचईआरसी के अनुसार, उनके पास प्रशासन और बिजली क्षेत्र में 34 साल से अधिक का अनुभव था। उन्होंने 1989 में हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवा से अपना करियर शुरू किया था और बाद में हिमाचल प्रदेश बिजली बोर्ड समेत कई महत्वपूर्ण पदों पर काम किया। 23 जुलाई को 63 वर्ष की उम्र में उनका निधन हो गया था। ब्रेन स्ट्रोक के बाद उन्हें पंचकूला के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हुई।

Advertisement

नियमित चेयरमैन की नियुक्ति तक सदस्य संभाल रहे जिम्मेदारी

शर्मा के निधन के बाद एचईआरसी के वरिष्ठतम सदस्य मुकेश गर्ग को नियमित चेयरमैन की नियुक्ति होने तक चेयरमैन के कार्यों और शक्तियों का निर्वहन करने की जिम्मेदारी दी गई है। आयोग ने यह व्यवस्था हरियाणा विद्युत सुधार अधिनियम और संबंधित प्रावधानों के तहत की है। गर्ग ने 2 फरवरी, 2024 को एचईआरसी के सदस्य (कानून) के रूप में कार्यभार संभाला था। वह लंबे समय तक वकालत से जुड़े रहे हैं और हरियाणा राज्य विधि आयोग के सदस्य भी रह चुके हैं।

Advertisement

14 अगस्त को निकला था चेयरमैन पद का विज्ञापन

चेयरमैन पद के लिए आवेदन आमंत्रित करने का मूल विज्ञापन 14 अगस्त को जारी किया गया था। इसमें आवेदन जमा कराने की अंतिम तारीख 3 सितंबर शाम पांच बजे निर्धारित की गई थी। अब इसे बढ़ाकर 5 अक्टूबर शाम पांच बजे कर दिया गया है। ऊर्जा विभाग के शुद्धिपत्र के अनुसार, आवेदन की तारीख बढ़ाने का फैसला सक्षम प्राधिकारी ने लिया है। इससे इच्छुक उम्मीदवारों को आवेदन प्रक्रिया पूरी करने के लिए करीब एक महीने का अतिरिक्त समय मिल गया है।

पहले आवेदन करने वालों को फिर से फॉर्म भरने की जरूरत नहीं

विभाग ने स्पष्ट किया है कि जो उम्मीदवार पहले ही आवेदन जमा कर चुके हैं, उन्हें दोबारा आवेदन करने की जरूरत नहीं है। हालांकि, यदि कोई उम्मीदवार अपने पहले जमा आवेदन के साथ कोई नया या अतिरिक्त दस्तावेज देना चाहता है, तो वह पहले से जमा आवेदन के संदर्भ में ऐसा कर सकता है।

Advertisement
×