'स्वस्थ शरीर के लिए दांतों का स्वस्थ रहना भी जरूरी'
दंत चिकित्सा शिविर में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने कराई जांच
नगर निगम वार्ड-22 के शिव दुर्गा विहार, लकड़पुर एफ ब्लॉक स्थित पार्षद हरेन्द्र भड़ाना के कार्यालय पर मानव रचना यूनिवर्सिटी के सहयोग से नि:शुल्क दंत चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया। शिविर का शुभारंभ पार्षद हरेन्द्र भड़ाना ने फीता काटकर किया।
शिविर में चिकित्सकों ने क्षेत्रवासियों के दांतों की जांच और उपचार किया। दांतों की सफाई की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई तथा लोगों को नि:शुल्क कोलगेट वितरित किया गया। बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने शिविर में पहुंचकर दांतों की जांच कराई और चिकित्सकों से दांतों की देखभाल संबंधी सलाह ली।
चिकित्सकों ने लोगों को नियमित रूप से दांतों की सफाई करने, समय-समय पर दंत चिकित्सक से जांच कराने तथा दांतों से जुड़ी समस्याओं को नजरअंदाज न करने के लिए जागरूक किया। उन्होंने बताया कि बीमारी की समय रहते पहचान होने पर उसका उपचार आसानी से किया जा सकता है।
इस अवसर पर पार्षद हरेन्द्र भड़ाना ने कहा कि स्वस्थ शरीर के लिए दांतों का स्वस्थ रहना भी जरूरी है। आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से क्षेत्र में समय-समय पर नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने मानव रचना यूनिवर्सिटी की टीम का आभार जताते हुए कहा कि शिविर से क्षेत्रवासियों को लाभ मिला है।

