हरियाणा में युवाओं को मिलेंगे उद्योगों की समस्याओं के समाधान का मौका, ‘सेवा संकल्प’ अभियान में हर जिले से चुना जाएगा एक बेहतरीन आइडिया
उद्योगों की वास्तविक समस्याएं युवाओं और स्टार्टअप्स के सामने रखेगी सरकार
Haryana News: हरियाणा सरकार अब युवाओं और स्टार्टअप्स से सिर्फ नए आइडिया मांगने के बजाय उद्योगों की वास्तविक समस्याओं के तकनीकी और व्यावहारिक समाधान तलाशेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत नेशनल इनोवेशन चैलेंज आयोजित किए जाएंगे। इनमें प्रदेश के युवा, स्टार्टअप और इनोवेटर उद्योगों के सामने आ रही समस्याओं के समाधान सुझाएंगे और व्यवहारिक रूप से उपयोगी पाए जाने वाले आइडिया को लागू कराने की संभावनाएं भी तलाशी जाएंगी।
हर जिले से एक सर्वश्रेष्ठ आइडिया का चयन कर जिला स्तर पर सम्मान किया जाएगा। राज्य स्तर पर सबसे बेहतर और व्यवहारिक आइडिया को चुना जाएगा। इसके लिए सरकार एक समर्पित वेबसाइट शुरू करेगी, जिस पर प्रदेशभर से आइडिया आमंत्रित किए जाएंगे। बैठक में एमएसएमई के महानिदेशक यश गर्ग, अभियान के सह-प्रभारी संदीप श्योराण, उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के अतिरिक्त निदेशक सतीश कुमार, हारट्रॉन के प्रोजेक्ट मैनेजर चरण सिंह भंडारी, आईटी सेल से नितिन बंसल, निजी सचिव सुनील लाकड़ा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
प्रतियोगिता नहीं, उद्योगों की समस्या बनेगी चुनौती
सहकारिता, जेल, पर्यटन, विरासत एवं चुनाव मंत्री डॉ़ अरविंद शर्मा ने बुधवार को चंडीगढ़ में उद्योग एवं वाणिज्य, एमएसएमई और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक में अभियान की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इनोवेशन चैलेंज को केवल प्रस्तुति या प्रतियोगिता तक सीमित न रखा जाए। इसके लिए पहले प्रदेश के उद्योगों के सामने मौजूद वास्तविक तकनीकी और व्यावसायिक चुनौतियों की पहचान की जाएगी। इन्हें युवाओं और स्टार्टअप्स के सामने रखा जाएगा, ताकि वे आधुनिक तकनीक और नवाचार के जरिये इनके समाधान तैयार कर सकें।
अच्छा आइडिया मिला तो जमीन पर उतरेगा
मंत्री ने कहा कि प्रतियोगिता में सामने आने वाले उपयोगी और व्यवहारिक आइडिया केवल पुरस्कार तक सीमित नहीं रहने चाहिए। ऐसे समाधानों को विभागीय सहयोग देकर वास्तविक परिस्थितियों में लागू करने की संभावनाएं तलाशने के निर्देश दिए गए हैं। इससे एक ओर उद्योगों को नई तकनीक आधारित समाधान मिलेंगे, वहीं दूसरी ओर युवाओं को अपने आइडिया को वास्तविक काम में बदलने का अवसर मिलेगा।
हर जिले से निकलेगा एक विजेता
अभियान के लिए विस्तृत फ्रेमवर्क तैयार किया जाएगा। वेबसाइट के माध्यम से सभी जिलों से युवाओं, स्टार्टअप्स और इनोवेटर्स के आइडिया लिए जाएंगे। हर जिले के सर्वश्रेष्ठ आइडिया को जिला स्तर पर पहचान मिलेगी, जबकि राज्य स्तर पर सबसे व्यवहारिक और प्रभावी समाधान को सम्मानित किया जाएगा। डॉ़ शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन केवल बधाई और कार्यक्रमों तक सीमित न रहकर सेवा और राष्ट्र निर्माण से जुड़ा अवसर बने, इसी सोच के साथ अभियान के कार्यक्रमों में ठोस परिणाम सुनिश्चित किए जाएं।

