Haryana Weather: 20 अप्रैल से बदलेगा मौसम, 17-18 को बूंदाबांदी के आसार; राजस्थान पर साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर
एचएयू के कृषि मौसम विज्ञान विभाग ने जारी किया अलर्ट
Haryana Weather: हरियाणा में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (एचएयू), हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग ने मंगलवार को मौसम पूर्वानुमान जारी करते हुए बताया है कि प्रदेश में 20 अप्रैल तक मौसम आमतौर पर परिवर्तनशील रहेगा। इस दौरान 17 और 18 अप्रैल को पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने और राजस्थान पर बने एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण राज्य के कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ छिटपुट बूंदाबांदी होने की संभावना है।
15 व 16 अप्रैल को मौसम रहेगा साफ
कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि आगामी 15 और 16 अप्रैल को प्रदेश में मौसम पूरी तरह से साफ और खुश्क रहेगा। इसके बाद 17 और 18 अप्रैल को एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ का आंशिक प्रभाव प्रदेश में देखने को मिलेगा। राजस्थान के ऊपर साइक्लोनिक सर्कुलेशन बनने से राज्य में बीच-बीच में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे।
हवाओं में बदलाव के साथ गिरेगा रात का पारा
पूर्वानुमान के अनुसार, 17 और 18 अप्रैल को हल्की से मध्यम गति की हवाएं चलेंगी। इसके बाद 19 और 20 अप्रैल को हवाओं की दिशा में फिर से बदलाव होगा, जिससे मौसम दोबारा साफ और खुश्क हो जाएगा। हवाओं में इस बदलाव के प्रभाव से दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी, जबकि रात के तापमान में गिरावट आने की संभावना है।

