Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
search-icon-img
Advertisement

Haryana Politics : शहरी स्थानीय निकाय चुनावी रण में कांग्रेस ने कसी कमर, 3 निगमों के लिए उम्मीदवारों से मांगे आवेदन

पंचकूला, अंबाला और सोनीपत में मजबूत मौजूदगी दर्ज कराएगी कांग्रेस : राव नरेंद्र

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
Advertisement

Haryana Politics : हरियाणा में प्रस्तावित नगर निगम चुनावों को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। कांग्रेस ने पंचकूला, अंबाला और सोनीपत नगर निगमों में होने वाले चुनावों के लिए अपनी तैयारियों को औपचारिक रूप से धार दे दी है। पार्टी ने मेयर और पार्षद पदों के लिए इच्छुक व योग्य उम्मीदवारों से आवेदन आमंत्रित करते हुए चुनावी प्रक्रिया का आगाज कर दिया है।

हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने शुक्रवार को चंडीगढ़ में मीडिया से बातचीत में कहा कि यह पहल पारदर्शी, लोकतांत्रिक और जनाधार वाले नेतृत्व को आगे लाने के उद्देश्य से की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आवेदन जमा करने की आवेदन की अंतिम तिथि 5 फरवरी निर्धारित की गई है। कांग्रेस इन नगर निगम चुनावों में पूरी मजबूती और संगठनात्मक एकजुटता के साथ मैदान में उतरेगी। पार्टी का फोकस शहरी जनता से जुड़े मूलभूत मुद्दों पर रहेगा।

Advertisement

उन्होंने कहा कि स्वच्छता, जल आपूर्ति, सड़कें, बिजली, पार्किंग, गरीबों के लिए आवास और समग्र शहरी विकास जैसे मुद्दे आज आम नागरिक की सबसे बड़ी चिंता हैं। कांग्रेस इन समस्याओं पर ठोस और व्यावहारिक समाधान लेकर जनता के बीच जाएगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने इच्छुक उम्मीदवारों से अपील की कि वे पार्टी द्वारा तय दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए समयसीमा के भीतर आवेदन जमा करें।

Advertisement

आवेदन के साथ बायोडाटा, आधार कार्ड, वोटर आईडी, जाति प्रमाण-पत्र (यदि लागू हो), पार्टी से जुड़ाव का विवरण, पूर्व चुनावी अनुभव और अन्य प्रासंगिक दस्तावेज संलग्न करना अनिवार्य होगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि उम्मीदवार चयन की प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी होगी, जिसमें वरिष्ठ नेताओं के साथ-साथ जिला इकाइयों की राय को भी अहमियत दी जाएगी।

राजनीतिक रूप से अहम हैं तीनों निगम

कांग्रेस का यह कदम ऐसे समय में सामने आया है जब पंचकूला, अंबाला और सोनीपत नगर निगमों का कार्यकाल समाप्ति की ओर है और राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा चुनाव कार्यक्रम की घोषणा जल्द संभावित है। कांग्रेस का आकलन है कि शहरी क्षेत्रों में विकास की गति धीमी पड़ी है, महंगाई बढ़ी है और बुनियादी सुविधाओं की कमी से आम लोग परेशान हैं। पार्टी इन मुद्दों को चुनावी बहस के केंद्र में रखकर जनता का भरोसा दोबारा हासिल करना चाहती है।

महात्मा गांधी को दी श्रद्धांजलि

राव नरेंद्र सिंह ने प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के बलिदान दिवस के अवसर पर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी का बलिदान केवल एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र की आत्मा का बलिदान था। उन्होंने देश को सत्य, अहिंसा, सर्वधर्म समभाव और आत्मनिर्भरता का मार्ग दिखाया। राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि आज के दिन हमें यह संकल्प लेना चाहिए कि बापू के सपनों का भारत - जहां कोई भूखा न सोए, कोई भेदभाव न हो और सभी को समान अवसर मिलें, उसे साकार करने के लिए निरंतर प्रयास करते रहेंगे।

Advertisement
×