Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
search-icon-img
Advertisement

Haryana Police Recruitment : अब नकल नहीं, सिर्फ फिटनेस चलेगी: पुलिस भर्ती में जर्मनी की सेंसर मशीनों से होगी पीएमटी

20 अप्रैल से शुरू होगी कॉन्स्टेबल भर्ती की सबसे पारदर्शी परीक्षा

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
featured-img featured-img
प्रतीकात्मक चित्र
Advertisement

Haryana Police Recruitment : हरियाणा में पुलिस भर्ती की प्रक्रिया अब पूरी तरह बदलने जा रही है। पारंपरिक मापदंडों को पीछे छोड़ते हुए हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) ने फिजिकल मेजरमेंट टेस्ट (PMT) को पूरी तरह हाईटेक बना दिया है। प्रदेश में 5500 कॉन्स्टेबल पदों के लिए भर्ती परीक्षा 20 अप्रैल से पंचकूला के ताऊ देवीलाल स्टेडियम में शुरू होगी। इस बार न तो 'जुगाड़' चलेगा और न ही कोई चालाकी काम आएगी, क्योंकि उम्मीदवारों की लंबाई और छाती मापने का जिम्मा जर्मनी से मंगाई गई विशेष सेंसर मशीनों के पास होगा।

सेंसर मशीनों की सख्त निगरानी

भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए आयोग ने 25 ऐसी हाईटेक मशीनें तैनात की हैं, जो जरा सी गड़बड़ी पर उम्मीदवार को बाहर का रास्ता दिखा देंगी। इन मशीनों में लगे आधुनिक सेंसर यह सुनिश्चित करेंगे कि कोई भी उम्मीदवार एड़ी उठाकर या गलत तरीके से खड़े होकर अपनी लंबाई बढ़ाकर फायदा न ले सके। अगर माप के दौरान कोई भी कृत्रिम तरीका अपनाया गया, तो मशीन की स्क्रीन पर तुरंत 'जीरो' दर्ज हो जाएगा और उम्मीदवार को उसी समय अयोग्य घोषित कर दिया जाएगा। आयोग के चेयरमैन हिम्मत सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर इसकी विस्तृत जानकारी साझा की है।

Advertisement

2.70 लाख उम्मीदवार और चरणबद्ध शेड्यूल

इस बड़ी भर्ती के लिए करीब 2.70 लाख युवाओं ने आवेदन किया है। इतनी बड़ी संख्या को व्यवस्थित करने के लिए आयोग ने खास रणनीति बनाई है। शुरुआत में प्रतिदिन 1,000 उम्मीदवारों को टेस्ट के लिए बुलाया जाएगा, जिसकी संख्या बाद में धीरे-धीरे बढ़ाकर 3,000 तक की जाएगी। परीक्षण का समय सुबह 6:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक तय किया गया है। आयोग द्वारा 17 अप्रैल को एडमिट कार्ड जारी कर दिए जाएंगे।

Advertisement

आरएफआईडी तकनीक से होगी ट्रैकिंग

पारदर्शिता बढ़ाने के लिए इस बार रेडियो फ्रीक्वेंसी आइडेंटिफिकेशन (RFID) तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है। इससे स्टेडियम के भीतर उम्मीदवार की हर गतिविधि और मूवमेंट पर डिजिटल नजर रखी जाएगी। यह तकनीक न केवल धांधली को रोकेगी, बल्कि पूरी प्रक्रिया को गति भी देगी। सुरक्षा और प्रबंधन के लिए अधिकारियों और इंस्पेक्टर स्तर के कर्मियों के साथ-साथ खेल विभाग के कोचों की भी मदद ली जा रही है।

उम्मीदवारों के लिए परिवहन व भोजन की व्यवस्था

पंचकूला आने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए चंडीगढ़ और पंचकूला प्रशासन विशेष बसें चलाएगा। ये बसें रेलवे स्टेशन और जीरकपुर से सीधे स्टेडियम तक पहुंचेंगी। इसके अलावा, सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से उम्मीदवारों के लिए भोजन और नाश्ते का प्रबंध किया जा रहा है। स्टेडियम के बाहर सहायता कैंप भी लगाए जाएंगे ताकि किसी को असुविधा न हो।

ये होंगे शारीरिक मापदंड और नियम

भर्ती के नियमों के अनुसार पुरुष उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम लंबाई 170 सेमी और छाती 83 सेमी (4 सेमी फुलाव के साथ) होनी अनिवार्य है। वहीं महिला उम्मीदवारों के लिए लंबाई का मानक 158 सेमी रखा गया है। पीएमटी पास करने वालों को फिजिकल स्क्रीनिंग टेस्ट (PST) देना होगा, जिसमें पुरुषों को 12 मिनट में 2.5 किमी और महिलाओं को 6 मिनट में 1 किमी की दौड़ लगानी होगी। सीईटी (CET) पास उम्मीदवार ही इस प्रक्रिया में शामिल हो सकेंगे। पूरी भर्ती प्रक्रिया संपन्न होने में लगभग 6 से 9 महीने का समय लग सकता है।

Advertisement
×