Haryana Police Recruitment : हरियाणा पुलिस भर्ती 15 अप्रैल से शुरू होगी युवाओं की ‘अग्निपरीक्षा’, पंचकूला बनेगा मुख्य केंद्र
एडमिट कार्ड जल्द जारी, पंचकूला बनेगा भर्ती का मुख्य केंद्र
Haryana Police Recruitment : हरियाणा में पुलिस कांस्टेबल बनने का सपना देख रहे लाखों युवाओं के लिए बड़ी खबर है। लंबे इंतजार के बाद अब भर्ती प्रक्रिया ने रफ्तार पकड़ ली है। 15 अप्रैल से फिजिकल मेजरमेंट टेस्ट (पीएमटी) शुरू होने जा रहा है, जो इस भर्ती की पहली और बेहद अहम कड़ी है।
इस बार भर्ती को लेकर युवाओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। करीब 2.5 से 2.7 लाख अभ्यर्थी इस प्रक्रिया में हिस्सा लेंगे। इतने बड़े स्तर पर होने वाली यह भर्ती राज्य की सबसे बड़ी भर्तियों में से एक मानी जा रही है। सरकार ने कुल 5500 पदों पर भर्ती का ऐलान किया है। इसमें 4500 पद पुरुष कांस्टेबल और 600 पद महिला कांस्टेबल के लिए निर्धारित हैं।
एडमिट कार्ड जल्द होंगे जारी
भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के लिए हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग जल्द ही अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर पीएमटी के एडमिट कार्ड जारी करेगा। आयोग चेयरमैन हिम्मत सिंह ने उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे नियमित रूप से वेबसाइट चेक करते रहें ताकि कोई अपडेट मिस न हो।
पंचकूला में बड़े स्तर पर तैयारियां
फिजिकल टेस्ट के लिए पंचकूला का ताऊ देवीलाल स्टेडियम मुख्य केंद्र रहेगा। यहां बास्केटबॉल और वॉलीबॉल हॉल को रिजर्व किया गया है। खेल विभाग के कोच और स्टाफ की ड्यूटी लगाई गई है। आयोग की टीम ने मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण भी किया है।
हाइट-छाती माप के लिए हाईटेक इंतजाम
इस बार भर्ती प्रक्रिया में आधुनिक तकनीक का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। हाइट और छाती मापने के लिए नई मशीनें मंगवाई गई हैं। गर्मी को देखते हुए अभ्यर्थियों के लिए टेंट और अन्य जरूरी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। हिम्मत सिंह ने कहा कि आयोग का लक्ष्य इस बार पूरी प्रक्रिया को निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से पूरा करना है। इसके लिए पहले ही अधिकारियों और खेल विभाग के साथ कई दौर की बैठकें हो चुकी हैं।

