Abhedya App : क्या आपको भी डरा रहे हैं विदेशी नंबर ? बस एक एप और खुद-ब-खुद जेल पहुंचेंगे अपराधी; जानें 230 लोगों ने कैसे पाया सुकून
हरियाणा पुलिस का ‘अभेद्य’ एप बना सुरक्षा कवच, अंतरराष्ट्रीय फिरौती कॉल्स को ब्लॉक कर पुलिस के लिए आसान कर रहा अपराधियों की ट्रैकिंग
Abhedya App : अगर आपके व्हाट्सएप पर भी किसी अंतरराष्ट्रीय नंबर से धमकी भरी कॉल या मैसेज आ रहे हैं, तो अब घबराने की जरूरत नहीं है। हरियाणा पुलिस ने एक ऐसा डिजिटल हथियार तैयार किया है जो न केवल इन धमकियों को आप तक पहुंचने से रोकता है, बल्कि अपराधियों को सलाखों के पीछे पहुंचाने का रास्ता भी साफ कर देता है। हरियाणा पुलिस के इस ‘अभेद्य’ एप ने आमजन के बीच सुरक्षा की एक नई उम्मीद जगाई है। 6 अप्रैल तक के आंकड़ों के अनुसार, प्रदेशभर में 230 लोग इसे डाउनलोड कर सुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
ऐसे बिछता है अपराधियों के लिए जाल यह एप एक अभेद्य दीवार की तरह काम करता है। जैसे ही किसी संदिग्ध अंतरराष्ट्रीय नंबर से कॉल, मैसेज, फोटो या वॉयस नोट आता है, यह एप उसे तुरंत पहचान कर ब्लॉक कर देता है। यूजर के पास धमकी पहुंचने से पहले ही यह उसे डिलीट कर देता है।
इस तकनीक का सबसे बड़ा फायदा यह है कि जब अपराधी अंतरराष्ट्रीय नंबर से संपर्क नहीं कर पाता, तो उसे मजबूरी में स्थानीय (लोकल) नंबरों का सहारा लेना पड़ता है। स्थानीय नंबर का उपयोग करते ही पुलिस के लिए उनकी लोकेशन ट्रैक करना आसान हो जाता है। इसी रणनीति की वजह से अपराधियों की गिरफ्तारी में तेजी आई है और आम नागरिकों का पुलिस पर भरोसा बढ़ा है।
इन जिलों में दिख रहा जबरदस्त असर हरियाणा के कई जिलों में इस एप को लेकर भारी उत्साह देखा जा रहा है। विशेष रूप से जींद और कैथल में व्यापारियों और आम लोगों ने इसे हाथों-हाथ लिया है।
जींद व कैथल : यहां 26 और 22 लोगों ने एप डाउनलोड किया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अब व्हाट्सएप कॉल के जरिए डराने का सिलसिला थम गया है।
झज्जर व पानीपत : झज्जर में 19 और पानीपत में 14 लोग इस तकनीक का लाभ उठा रहे हैं। यहां के उपयोगकर्ताओं का मानना है कि अब वे बिना किसी तनाव के अपने व्यापार पर ध्यान दे पा रहे हैं।
भिवानी के खरक कलां निवासी दिलेर और लोहारू के वीरेंद्र ने साझा किया कि एप इंस्टॉल करने के बाद अंतरराष्ट्रीय कॉल्स का आना बंद हो गया है, जिससे उनके जीवन में सुकून लौटा है। रोहतक और हांसी में भी लोग इसे तेजी से अपना रहे हैं।
दूसरे राज्यों के लिए रोल मॉडल बना हरियाणा हरियाणा पुलिस की इस अनूठी पहल की गूंज अब दिल्ली के गलियारों तक भी पहुंच रही है। पुलिस महानिदेशक (DGP) अजय सिंघल ने बताया कि ‘अभेद्य’ एप की सफलता ने देश में साइबर सुरक्षा के नए मानक स्थापित किए हैं। उन्होंने बताा कि हरियाणा पुलिस द्वारा विकसित इस मॉडल को अब देश के कई अन्य राज्य भी अपनाने की तैयारी कर रहे हैं। इस एप के माध्यम से न केवल रंगदारी के मामलों में कमी आई है, बल्कि ठगी करने वाले उन गैंग्स पर भी नकेल कसी गई है जो अंतरराष्ट्रीय नंबरों के पीछे छिपकर वार करते थे। इस तकनीक के आने से अब फर्जी कॉल और अं तरराष्ट्रीय नंबरों का इस्तेमाल कर लोगों को डराने वाले अपराधी पुलिस के रडार पर हैं। पुलिस विभाग का कहना है कि जैसे-जैसे डाउनलोड की संख्या बढ़ेगी, अपराधियों का नेटवर्क पूरी तरह ध्वस्त हो जाएगा।

