Haryana News : फतेहाबाद में बस से नीचे उतारकर बारातियों को पीटा, मौके पर पहुंची पुलिस की स्वेत कमांडो टीम
डीजे बजाने को लेकर आपस में हुई कहासुनी , लड़कों ने वापिसी में की बारातियों की पिटाई
Haryana News : जिले के गांव भिरडाना के पास (पांचवां मिल) बारात लेकर वापिस लौट रही निजी बस को रुकवाकर बस में सवार युवकों पर करीब डेढ़ दर्जन युवकों ने हमला कर दिया। हमलावरों ने बस में सवार कुछ युवकों को नीचे उतारा और उनके साथ बुरी तरह डंडों से मारपीट शुरू कर दी। काफी देर तक हमलावरों ने जमकर बवाल काटा।
इस मारपीट के कारण तीन युवक घायल हो गए हैं। बाद में अन्य बारातियों ने बीचबचाव किया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार पुलिस की स्वेत कमांडो टीम गश्त पर थी, जो तुरंत पहुंच गई, जिन्होंने तीन युवकों को काबू करके सदर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस के अनुसार इससे बड़ी वारदात टल गई। जानकारी के अनुसार, गांव भिरड़ाना से एक युवक की बारात सोमवार सुबह टोहाना गई थी।
वहां शादी समारोह में बारात में शामिल कुछ युवकों की डीजे बजाने को लेकर आपस में कहासुनी हो गई। इसके बाद जैसे ही शाम को बस वापस भिरड़ाना आ रही थी तो पहले से ही हमलावर युवक गाड़ी लिए खड़े मिले। इनके हाथों में डंडे थे। उन्होंने बस को रुकवा लिया और उसमें सवार कुछ युवकों पर हमला कर दिया।
युवक बस से नीचे उतरे तो वहां भी पिटाई जारी रखी। युवक बचने के लिए पास के खेतों की तरफ दौड़े तो हमलावर उनके पीछे ही जाकर मारपीट करते रहे। इसी बीच पुलिस को सूचना दी गई और बारात में शामिल रही महिलाओं व बुजुर्ग लोग बीचबचाव करते रहे। मौके पर पहुंची सदर थाना पुलिस फिलहाल मामले की जांच में जुटी हुई है। हमलावरों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही घायल युवकों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

