Haryana News: संत कबीर के विचार सामाजिक समरसता और मानवता के लिए आज भी प्रेरणास्रोत : मुख्यमंत्री
Haryana News: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को चंडीगढ़ स्थित अपने सरकारी आवास - संत कबीर कुटीर में संत कबीर दास जयंती के अवसर पर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री...
Haryana News: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को चंडीगढ़ स्थित अपने सरकारी आवास - संत कबीर कुटीर में संत कबीर दास जयंती के अवसर पर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने संत कबीर को भारतीय संत परंपरा का महान समाज सुधारक बताते हुए कहा कि उनके विचार आज भी समाज को सत्य, समानता और भाईचारे का संदेश देते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संत कबीर दास ने अपने जीवन और वाणी के माध्यम से सामाजिक कुरीतियों, भेदभाव और आडंबर का विरोध किया। उन्होंने प्रेम, सद्भाव, मानवता और आपसी सौहार्द को जीवन का मूल मंत्र बताया। उनके संदेश वर्तमान समय में भी उतने ही प्रासंगिक हैं और नई पीढ़ी के लिए मार्गदर्शक का कार्य करते हैं।
नायब सिंह सैनी ने कहा कि संत कबीर के विचार समाज में समरसता, सामाजिक एकता और मानवीय मूल्यों को मजबूत करने की प्रेरणा देते हैं। हमें उनके बताए मार्ग पर चलते हुए जाति, धर्म और ऊंच-नीच के भेदभाव से ऊपर उठकर एक समरस और विकसित समाज के निर्माण के लिए कार्य करना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को संत कबीर दास जयंती की शुभकामनाएं देते हुए उनके आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संत कबीर की शिक्षाएं सदियों बाद भी समाज को सही दिशा देने का कार्य कर रही हैं और आने वाली पीढ़ियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनी रहेंगी।

