Haryana News : जुलाई का मिड-डे मील मेन्यू जारी; 37 दिन बाद कल से फिर गुलजार होंगे स्कूल, बच्चे चखेंगे राजमा-चावल का स्वाद
हर दिन बदलेगा भोजन, दही, दाल, रागी, सोया, चना और मौसमी सब्जियां होंगी शामिल, भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता पर सख्ती, जुलाई में छह दिन स्कूल रहेंगे बंद
Haryana News : हरियाणा के सरकारी स्कूल 37 दिन के ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद बुधवार, एक जुलाई से फिर विद्यार्थियों की चहल-पहल से गुलजार हो जाएंगे। हालांकि मौसम विभाग ने अभी गर्मी से पूरी राहत के संकेत नहीं दिए हैं, लेकिन शिक्षा विभाग ने नए शैक्षणिक चरण की शुरुआत के साथ विद्यार्थियों के लिए जुलाई माह का मिड-डे मील मेन्यू भी जारी कर दिया है।
पूरे महीने बच्चों को रोज अलग-अलग पौष्टिक भोजन परोसा जाएगा। विभाग ने सभी स्कूलों को निर्धारित मेन्यू का सख्ती से पालन करने तथा भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और पोषण मानकों से कोई समझौता नहीं करने के निर्देश दिए हैं। पहली जुलाई को स्कूल खुलने के साथ ही मिड-डे मील की शुरुआत राजमा-चावल से होगी। पहले सप्ताह में विद्यार्थियों को कढ़ी-पकौड़ा व चावल, गुड़-रोटी के साथ दही तथा पौष्टिक मिक्स परांठा व दही भी परोसा जाएगा।
दूसरे सप्ताह में सोया खिचड़ी, मीठा दलिया, सफेद चना-चावल, चना दाल खिचड़ी और मिस्सी परांठा-दही शामिल किए गए हैं। तीसरे सप्ताह में दाल-चावल, मूंग-मसूर दाल के साथ रोटी, मिस्सी रोटी व मौसमी सब्जी, मीठे मूंगफली चावल, नमकीन दलिया और गेहूं-रागी का पूड़ा परोसा जाएगा। महीने के अंतिम सप्ताह में सब्जी पुलाव-काला चना, घीया-चना दाल के साथ रोटी, राजमा-चावल, कढ़ी-पकौड़ा, गुड़-रोटी व दही सहित अन्य व्यंजन दोबारा शामिल किए गए हैं।
पोषण के साथ स्वच्छता पर भी रहेगा फोकस
शिक्षा विभाग ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों और स्कूल प्रबंधन को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि भोजन केवल निर्धारित मेन्यू के अनुसार ही तैयार किया जाए। खाना ताजा हो, स्वच्छ वातावरण में बने और वितरण के दौरान साफ-सफाई के सभी मानकों का पालन किया जाए। स्कूलों को सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने तथा भोजन वितरण व्यवस्था की नियमित निगरानी के निर्देश भी दिए गए हैं।
जुलाई में छह दिन बंद रहेंगे स्कूल
जुलाई महीने में विद्यार्थियों को छह दिन अवकाश मिलेगा। इनमें चार रविवार - 5, 12, 19 और 26 जुलाई शामिल हैं। 11 जुलाई को दूसरे शनिवार के कारण स्कूल बंद रहेंगे, जबकि 31 जुलाई (शुक्रवार) को शहीद ऊधम सिंह बलिदान दिवस पर प्रदेश के सरकारी विद्यालयों में अवकाश रहेगा। ग्रीष्मकालीन अवकाश समाप्त होने के साथ अब शिक्षा विभाग की प्राथमिकता नियमित शैक्षणिक गतिविधियों को गति देने और विद्यार्थियों की उपस्थिति बढ़ाने पर रहेगी। इसके साथ ही मिड-डे मील योजना के जरिए बच्चों को विद्यालयों में पौष्टिक एवं संतुलित भोजन उपलब्ध कराने पर भी विशेष जोर दिया जाएगा।

