Haryana News : हरियाणा के खिलाड़ियों के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं : कुमारी सैलजा
खेल मैदानों की बदहाली पर घेरा, कहा-जिम्मेदारी से नहीं बच सकती सरकार
Haryana News : हरियाणा के खिलाड़ियों की उपलब्धियों और जमीनी हालात के बीच बढ़ती खाई को लेकर सियासत गरमा गई है। सिरसा की सांसद और कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव कुमारी सैलजा ने लोकसभा में केंद्र सरकार के जवाब पर कड़ा हमला बोलते हुए कहा कि देश को ओलंपिक में करीब 33 प्रतिशत पदक दिलाने वाला हरियाणा आज बुनियादी खेल सुविधाओं के लिए तरस रहा है।
सैलजा ने कहा कि हरियाणा खेल प्रतिभाओं का गढ़ है, लेकिन विडंबना यह है कि यहां के खिलाड़ियों को सुरक्षित और आधुनिक खेल मैदान तक नसीब नहीं हो रहे। उन्होंने केंद्र सरकार के जवाब को जिम्मेदारी से बचने वाला करार देते हुए कहा कि इस तरह का रवैया खिलाड़ियों के साथ अन्याय है।
उन्होंने रोहतक की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि जर्जर खेल मैदानों के कारण खिलाड़ियों की जान चली जाना बेहद दुखद है। उनके अनुसार यह सिर्फ लापरवाही नहीं, बल्कि खिलाड़ियों के जीवन और भविष्य के साथ खिलवाड़ है। सैलजा ने स्पष्ट कहा कि खेल को केवल राज्य का विषय बताकर केंद्र सरकार अपनी जिम्मेदारी से पीछे नहीं हट सकती। उन्होंने आरोप लगाया कि न केंद्र और न ही राज्य सरकार खेल ढांचे को मजबूत करने के लिए ठोस कदम उठा रही है।
