Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
Add Tribune As Your Trusted Source
search-icon-img
Advertisement

Haryana News : अभय के खिलाफ सिविल-क्रिमिनल केस करेंगे हुड्डा, बोले - शाह से मुलाकात और कंपनी से साझेदारी दोनों झूठ

पूर्व मुख्यमंत्री ने की हरियाणा कौशल रोजगार निगम को बंद कर कर्मियों को पक्का करने की मांग

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
Advertisement

Haryana News : हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला के खिलाफ सिविल और क्रिमिनल केस करने का ऐलान किया है। हुड्डा ने कहा कि अभय चौटाला ने उनके केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात करने और एक निजी कंपनी में साझेदारी होने को लेकर दो झूठे बयान दिए हैं। उन्होंने कहा, ‘न मैं अमित शाह से मिला और न ही मेरा उस कंपनी से कोई संबंध है।’ हुड्डा ने कहा कि दोनों बयानों को लेकर वह अभय चौटाला को अदालत में घसीटेंगे।

वे वीरवार को चंडीगढ़ स्थित सरकारी आवास में मीडिया से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि युवाओं के रोजगार के मुद्दे पर कांग्रेस का अगला बड़ा निशाना हरियाणा कौशल रोजगार निगम (एचकेआरएन) रहेगा। उन्होंने सरकार से एचकेआरएन व्यवस्था खत्म कर इसके तहत काम कर रहे कर्मचारियों को नियमित करने की मांग की। हुड्डा ने कहा कि एचकेआरएन के जरिए शिक्षित युवाओं का शोषण किया जा रहा है। एक ही काम के लिए नियमित कर्मचारी को करीब 80 हजार रुपये और एचकेआरएन कर्मी को करीब 20 हजार रुपये मिलने का सवाल उठाते हुए उन्होंने समान काम के लिए समान वेतन की मांग की।

Advertisement

उन्होंने कहा कि कौशल कर्मियों को नियमित कर्मचारियों के समान पे-स्केल, डीए, प्रमोशन, आरक्षण और रिटायरमेंट लाभ दिए जाएं। उन्होंने कहा कि संविधान का अनुच्छेद 16 रोजगार में समान अवसर की गारंटी देता है। इसलिए स्वीकृत पदों पर पारदर्शी नियमित भर्ती होनी चाहिए और हरियाणा कौशल रोजगार निगम की व्यवस्था बंद की जानी चाहिए। हुड्डा ने बताया कि कांग्रेस इस मुद्दे पर राज्यपाल को ज्ञापन भी देगी।

Advertisement

सरकार सफाई कर्मियों की मांग माने, नहीं तो शहरों में गंदगी बढ़ेगी

हुड्डा ने सफाई कर्मियों की हड़ताल का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि सरकार की अनदेखी के कारण पूरे प्रदेश में सफाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है। उनके अनुसार कांग्रेस शासनकाल में 11 हजार ग्रामीण और 14 हजार शहरी सफाई कर्मी लगाए गए थे, लेकिन उन्हें अब तक नियमित नहीं किया गया।

कानून व्यवस्था और एसआईआर पर भी सरकार को घेरा

हुड्डा ने दादरी में फायरिंग और कुरुक्षेत्र में डकैती की घटनाओं का हवाला देते हुए प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि लूट, डकैती, फिरौती, हत्या और फायरिंग की घटनाएं आम हो रही हैं। एसआईआर को लेकर उन्होंने कहा कि कांग्रेस पूरी तरह सतर्क है और चुनाव आयोग के समक्ष शिकायतें दर्ज कराई गई हैं। पार्टी ने एसआईआर की प्रक्रिया के लिए एक माह अतिरिक्त समय देने की मांग भी की है।

विधायक दल की बैठक में तय हुए मुद्दे

कांग्रेस विधायक दल की बैठक में महंगाई, भर्ती, एचकेआरएन, एसआईआर, कानून व्यवस्था, सफाई कर्मियों, किसानों और सरकार से जुड़े कथित घोटालों पर चर्चा हुई। विधायकों ने तय किया कि इन मुद्दों को सड़क से लेकर विधानसभा तक उठाया जाएगा। बैठक में भारत में होने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स में गुजरात के साथ हरियाणा को भी को-ऑर्गेनाइजर स्टेट बनाने की मांग का समर्थन किया गया। हुड्डा ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हरियाणा के खिलाड़ियों के योगदान को देखते हुए प्रदेश को यह जिम्मेदारी मिलनी चाहिए।

राजीव गांधी की जयंती पर हुड्डा ने गिनाए योगदान

हरियाणा प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में राजीव गांधी की जयंती पर हुड्डा ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने राजीव गांधी को आधुनिक भारत की नींव मजबूत करने वाला नेता बताते हुए कंप्यूटरीकरण, दूरसंचार, शिक्षा, पंचायती राज और विज्ञान-तकनीक के क्षेत्र में उनके योगदान को याद किया। हुड्डा ने कहा कि उन्हें राजीव गांधी के करीब रहकर काम करने का अवसर मिला और उनकी दूरदृष्टि व कार्यशैली की यादें आज भी उनके साथ हैं। कार्यक्रम में सांसद कर्मबीर बौद्ध, विधायक अशोक अरोड़ा, आफताब अहमद, गीता भुक्कल समेत कांग्रेस के विधायक और पदाधिकारी मौजूद रहे।

Advertisement
×