Haryana News : अंबाला छावनी में एक छत के नीचे आएंगे बैंक, 54 नए शोरूम वाला दूसरा बैंक स्क्वेयर बनेगा
53 करोड़ में दूसरी बिल्डिंग का टेंडर अलॉट, 450 लोगों का ऑडिटोरियम और रूफटॉप फूड कोर्ट भी
Haryana News : अंबाला छावनी के व्यस्त बाजारों में बिखरे बैंकों को एक ही जगह लाने की योजना अब अगले चरण में पहुंच गई है। अटल मॉल एंड बैंक स्क्वेयर की दूसरी बिल्डिंग का निर्माण जल्द शुरू होगा। हरियाणा पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन ने करीब 53 करोड़ रुपये की लागत से इसके निर्माण का टेंडर अलॉट कर दिया है। नई इमारत में 54 शोरूम होंगे।
इसके साथ तीसरी मंजिल पर 450 लोगों की क्षमता वाला ऑडिटोरियम और रूफटॉप फूड कोर्ट भी बनाया जाएगा। ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने बताया कि दूसरी बिल्डिंग मौजूदा भवन के पीछे बनेगी। इसके बनने के बाद बैंक स्क्वेयर में कुल 98 शोरूम हो जाएंगे। परियोजना का मकसद अंबाला छावनी के बाजारों में अलग-अलग जगह चल रहे बैंकों को एक कॉम्प्लेक्स में शिफ्ट करने के लिए जगह उपलब्ध कराना है
बैंक स्क्वेयर के पहले चरण में करीब 101 करोड़ रुपये की लागत से तीन मंजिला इमारत तैयार हो चुकी है। इसमें 44 शोरूम हैं। नगर परिषद अंबाला सदर जल्द इनकी ई-नीलामी शुरू करेगी। शोरूम का किराया 150 रुपये प्रति वर्ग फुट तय किया गया है और कुछ शोरूम बैंकों के लिए आरक्षित रखे गए हैं। पहले चरण की इमारत में बेसमेंट और ग्राउंड फ्लोर पर 317 से अधिक वाहनों की पार्किंग की सुविधा है। अलग-अलग मंजिलों पर शोरूम के अलावा लिफ्ट, सीढ़ियां, सार्वजनिक शौचालय, इलेक्ट्रिकल पैनल और अन्य सुविधाएं उपलब्ध हैं।
दूसरी इमारत में बैंकिंग के साथ आयोजन की भी जगह
दूसरे चरण में बनने वाली इमारत में पहले फ्लोर पर 17, दूसरे पर 17 और तीसरे फ्लोर पर 20 शोरूम होंगे। तीसरी मंजिल पर 450 लोगों की क्षमता वाला ऑडिटोरियम तैयार किया जाएगा, जहां कार्यक्रम, कॉन्फ्रेंस और दूसरे आयोजन हो सकेंगे। छत पर फूड कोर्ट बनाया जाएगा। इमारत में लिफ्ट, एस्केलेटर, फायर फाइटिंग सिस्टम, एचवीएसी और महिला-पुरुष शौचालय जैसी सुविधाएं भी होंगी।
बैंकों के एक जगह आने से बाजारों में घटेगा दबाव
अनिल विज के अनुसार बैंक स्क्वेयर का उद्देश्य केवल नया व्यावसायिक परिसर तैयार करना नहीं है। अंबाला छावनी के व्यस्त बाजारों में अलग-अलग स्थानों पर मौजूद बैंकों को यहां लाने से बाजारों में आने-जाने वाले वाहनों का दबाव कम होने की उम्मीद है। दूसरी ओर ग्राहकों को अलग-अलग बैंकों के लिए बाजार में कई जगह जाने के बजाय एक ही परिसर में बैंकिंग सुविधा मिल सकेगी। करीब 3.97 एकड़ में विकसित किए जा रहे अटल मॉल एंड बैंक स्क्वेयर का पहला चरण पूरा हो चुका है और अब दूसरे चरण का टेंडर अलॉट होने के बाद पूरी परियोजना आकार लेने लगी है।

