Haryana News: उचाना मंडी पहुंचे कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा, किसानों की समस्याएं सुनीं
Haryana News: जींद स्थित उचाना में शुक्रवार को हरियाणा के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने अनाज मंडी का दौरा किया। इस दौरान मंत्री ने किसानों व आढ़तियों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पत्रकारों से बातचीत...
Haryana News: जींद स्थित उचाना में शुक्रवार को हरियाणा के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने अनाज मंडी का दौरा किया। इस दौरान मंत्री ने किसानों व आढ़तियों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार अप्रैल माह में सभी मंत्री और विधायक मंडियों में रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं, ताकि किसानों और आढ़तियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि गेहूं का एक-एक दाना खरीदा जाए और गेट पास प्रणाली भी सुचारु रूप से चल रही है। उनके साथ भाजपा विधायक देवेंद्र अत्री तथा मार्केट कमेटी चेयरमैन सुरेंद्र खरक भूरा भी मौजूद थे।
उन्होंने बताया कि पिछले 6-7 दिनों से मौसम खराब रहने और बूंदाबांदी के कारण मंडियों में आवक प्रभावित हुई है, लेकिन अब मौसम साफ होने पर गेहूं की आवक बढ़ेगी। लिफ्टिंग कार्य को प्राथमिकता देते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि मंडी में आने वाले अनाज को तुरंत उठाकर गोदामों में पहुंचाया जाए और सभी गेटों पर डंपिंग सिस्टम सुचारु रूप से संचालित किया जाए।
कृषि मंत्री ने कहा कि किसान यूनियनों का काम किसानों की आवाज उठाना है, लेकिन समय के साथ व्यवस्थाओं में बदलाव भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि किसानों के खातों में सीधे भुगतान की व्यवस्था को किसानों ने सराहा है और सरकार की सभी योजनाएं किसान हित में हैं।
उन्होंने कहा कि खेती खुले आसमान के नीचे होती है और गेहूं का सीजन सीमित समय का होता है, जिसके चलते अचानक मंडियों में दबाव बढ़ जाता है। बावजूद इसके सरकार पूरी तैयारी के साथ काम कर रही है और व्यवस्थाएं जल्द सामान्य हो जाएंगी।
कृषि कानूनों को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पूर्व में इन्हीं कानूनों का समर्थन करने वाली कांग्रेस आज उनका विरोध कर रही है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष की भी अहम भूमिका होती है और उसे किसानों के मुद्दे उठाने चाहिए, जिससे व्यवस्था और मजबूत बनती है।

