बूथ से आंदोलन तक संगठन को धार देने की तैयारी, हरियाणा प्रभारी संजय दत्त ने दिया 'ग्राउंड प्लान'
कल लोकसभा-विधानसभा प्रत्याशियों से वन-टू-वन फीडबैक लेंगे कांग्रेस प्रभारी
हरियाणा कांग्रेस के नवनियुक्त प्रभारी संजय सतीशचंद्रन दत्त संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय बनाने की कवायद में जुटे हैं। शनिवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में उन्होंने पार्टी के विभिन्न विभागों, प्रकोष्ठों, अग्रणी संगठनों, जिला एवं प्रदेश पदाधिकारियों के साथ क्रमवार बैठकें कर संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की। इस दौरान प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह उनके साथ मौजूद रहे।
बैठक का फोकस केवल संगठन की मौजूदा स्थिति का आकलन करना नहीं, बल्कि आगामी राजनीतिक गतिविधियों और जनसंपर्क अभियान की दिशा तय करना भी रहा। पार्टी ने स्पष्ट संकेत दिए कि आने वाले समय में संगठन को जमीनी स्तर पर अधिक सक्रिय बनाने के साथ जनहित के मुद्दों पर आंदोलन को भी तेज किया जाएगा। संजय दत्त ने पदाधिकारियों से कहा कि कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत उसका जमीनी संगठन है और उसे और मजबूत बनाने की जरूरत है। उन्होंने गांव-गांव और शहर-शहर कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए कहा कि पार्टी की गतिविधियां केवल जिला मुख्यालयों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना और आम लोगों से लगातार संवाद बनाए रखना आने वाले समय की प्राथमिकता होगी।
जनहित के मुद्दों पर संघर्ष की रणनीति
बैठक में प्रदेश के राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर भी चर्चा हुई। संजय दत्त ने कहा कि भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, महंगाई, किसानों, कर्मचारियों, युवाओं, महिलाओं और समाज के कमजोर वर्गों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से जनता के बीच उठाया जाए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इन विषयों पर स्थानीय स्तर पर लोगों से संवाद बढ़ाने और उनकी समस्याओं को पार्टी मंच तक पहुंचाने का आह्वान किया। उनके अनुसार कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से जनहित के मुद्दों पर अपना संघर्ष और तेज करेगी।
संगठनात्मक अनुशासन पर भी दिया संदेश
कांग्रेस प्रभारी ने कहा कि पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी तथा संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल द्वारा संगठन को लेकर दिए गए दिशा-निर्देशों को पूरी निष्ठा और अनुशासन के साथ लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मजबूत और अनुशासित संगठन ही जनता के बीच पार्टी की विश्वसनीयता को और मजबूत करेगा।
सुझावों के आधार पर बनेगी आगे की कार्ययोजना
बैठक के दौरान विभिन्न विभागों और प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों ने संगठन की गतिविधियों को और प्रभावी बनाने के लिए अपने सुझाव भी रखे। संजय दत्त ने कहा कि उपयोगी सुझावों को आगामी संगठनात्मक कार्ययोजना में शामिल किया जाएगा। बैठक में जनसंपर्क अभियान, संगठन विस्तार और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी चर्चा हुई।
कर्मचारी संगठनों से भी किया संवाद
बैठक के बाद हरियाणा कर्मचारी यूनियन के प्रतिनिधिमंडल ने संजय दत्त से मुलाकात कर कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दे उठाए। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया कि कांग्रेस कर्मचारियों के अधिकारों और हितों से जुड़े विषयों को मजबूती से उठाती रही है और आगे भी उनकी न्यायोचित मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद करती रहेगी।
कल फिर वन-टू-वन बैठकों का दौर
संगठनात्मक बैठकों के अगले चरण में रविवार को हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त 2024 के लोकसभा और विधानसभा चुनाव लड़ चुके कांग्रेस उम्मीदवारों के साथ व्यक्तिगत बैठकें करेंगे। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में सुबह नौ बजे से देर शाम तक प्रस्तावित इन बैठकों में प्रत्येक प्रत्याशी से अलग-अलग फीडबैक लिया जाएगा।
चर्चा का केंद्र चुनावी अनुभव, संगठन की मजबूती, स्थानीय राजनीतिक परिस्थितियां और भविष्य की रणनीति रहेगी। माना जा रहा है कि इन बैठकों के आधार पर जिला स्तर पर संगठनात्मक बदलाव और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों की दिशा भी तय की जा सकती है।

