Haryana: 1400 अनुबंधित शिक्षकों का भविष्य अटका, बजट सत्र से पहले सरकार पर बढ़ा दबाव
Haryana News: 50 दिन से विश्वविद्यालयों से नहीं आई जरूरी जानकारी, सेवा-सुरक्षा विधेयक रुका
Haryana News: हरियाणा के करीब 1400 अनुबंधित शिक्षक इन दिनों बड़ी चिंता में हैं। वे लंबे समय से अपनी नौकरी की सुरक्षा यानी सेवा-सुरक्षा विधेयक का इंतजार कर रहे हैं। लेकिन इस विधेयक को बजट सत्र में पेश करने के लिए जो जरूरी जानकारी विश्वविद्यालयों से सरकार ने मांगी थी, वह 50 दिन बीत जाने के बाद भी नहीं आई। इस देरी से पूरा मामला अटक गया है।
हरियाणा यूनिवर्सिटीज़ कॉन्ट्रैक्चुअल टीचर्स एसोसिएशन (हकूटा) का एक प्रतिनिधिमंडल बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि यदि विश्वविद्यालय जल्दी जानकारी नहीं भेजते, तो बजट सत्र में यह विधेयक रख पाना मुश्किल हो जाएगा। हुकटा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. विजय मलिक ने बताया कि उच्चतर शिक्षा विभाग ने 9 दिसंबर, 2025 को राज्य के छह विश्वविद्यालयों को तय प्रारूप में जानकारी भेजने के लिए कहा था, लेकिन अब तक जवाब नहीं मिला। इनमें कृषि, कौशल, पशुपालन, खेल, स्वास्थ्य और आयुष विभागों के अधीन विश्वविद्यालय शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने शिक्षकों को आश्वासन दिया कि वे संबंधित विभागों को निर्देश देंगे और विश्वविद्यालयों से जानकारी जल्द मंगवाई जाएगी, ताकि विधेयक आगे बढ़ सके। अधिकांश अनुबंधित शिक्षक सालों से सेवा-सुरक्षा की उम्मीद में इंतजार कर रहे हैं। कई अब उम्र सीमा पार कर चुके हैं या सेवानिवृत्ति के करीब पहुंच गए हैं। ऐसे में नियमित भर्ती का मौका लगभग खत्म हो चुका है। यही कारण है कि सेवा-सुरक्षा विधेयक ही अब उनका सबसे बड़ा सहारा बन गया है।

