Haryana Fertilizer Supply: खाद की कमी नहीं होने देंगे, कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने दिए जमाखोरी-कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
Haryana Fertilizer Supply: खरीफ सीजन से पहले खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश; 'मेरी फसल-मेरा ब्यौरा' पोर्टल के आधार पर होगा वितरण, किसानों को नहीं लगानी पड़ेगी लाइन
Haryana Fertilizer Supply: हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि आगामी खरीफ सीजन के दौरान प्रदेश में खाद की किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसानों को समय पर पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जाएं, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
चंडीगढ़ स्थित कार्यालय में कृषि मंत्री की अध्यक्षता में आयोजित एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, हैफेड तथा विभिन्न खाद उत्पादक एवं विक्रेता कंपनियों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में खाद के मौजूदा स्टॉक, आगामी मांग और आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा की गई।
'मेरी फसल-मेरा ब्यौरा' के आधार पर होगा वितरण
बैठक के दौरान श्याम सिंह राणा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पिछले वर्ष की तरह इस बार भी खाद का वितरण 'मेरी फसल-मेरा ब्यौरा' पोर्टल पर दर्ज फसल और रकबे के आधार पर किया जाए। उन्होंने कहा कि इससे वास्तविक किसानों तक खाद की पहुंच सुनिश्चित होगी और वितरण प्रक्रिया अधिक पारदर्शी बनेगी।
जमाखोरी और कालाबाज़ारी पर सख्ती
कृषि मंत्री ने विभागीय अधिकारियों को खाद विक्रेताओं और डीलरों के स्टॉक की नियमित जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि खाद की जमाखोरी और कालाबाज़ारी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कोई दुकानदार या डीलर इस तरह की गतिविधियों में शामिल पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
आधुनिक खेती अपनाने की सलाह
बैठक में कृषि मंत्री ने किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने की जरूरत पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि फव्वारा सिंचाई (स्प्रिंकलर) पद्धति के माध्यम से खाद को पानी में मिलाकर सीधे पौधों की जड़ों तक पहुंचाया जा सकता है। इससे पानी की बचत होगी, खाद का बेहतर उपयोग होगा और फसल की गुणवत्ता व उत्पादन में भी वृद्धि होगी।
कंपनियों ने दिया पर्याप्त आपूर्ति का भरोसा
बैठक में मौजूद खाद उत्पादक और विक्रेता कंपनियों के प्रतिनिधियों ने राज्य में खाद की निर्बाध आपूर्ति बनाए रखने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर समय पर स्टॉक उपलब्ध कराने के लिए सरकार के साथ पूरा सहयोग किया जाएगा। बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव विजयेंद्र कुमार, कृषि विभाग के महानिदेशक राजनारायण कौशिक, हैफेड के प्रबंध निदेशक अनीश यादव सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
