Haryana Cross Voting : क्रॉस वोटिंग के शोर में ‘अपनों’ पर ही शक, वत्स बोले - दिल भी दुखा, आत्मा भी आहत
सोशल मीडिया अफवाहों में घिरे बादली विधायक, हुड्डा को देनी पड़ी सफाई
Haryana Cross Voting : राज्यसभा चुनाव के बाद उठे क्रॉस वोटिंग के सियासी तूफान ने अब कांग्रेस के भीतर भी दरारों के संकेत दे दिए हैं। सोशल मीडिया पर फैली अफवाहों ने हालात ऐसे बना दिए कि पार्टी के ही विधायक एक-दूसरे पर शक की नजर से देखे जाने लगे। इस पूरे विवाद के बीच बादली से कांग्रेस विधायक कुलदीप वत्स खुद आरोपों के घेरे में आ गए और यहीं से सियासत ने भावनात्मक मोड़ ले लिया।
मंगलवार को सोशल मीडिया पर यह चर्चा तेज हो गई कि क्रॉस वोटिंग करने वाले पांच विधायकों में वत्स का नाम भी शामिल है। रोचक पहलू यह है कि इस तरह का प्रचार करने वाले भी कांग्रेसी ही हैं। यह खबर सामने आते ही वत्स आहत हो गए। उन्होंने न सिर्फ अपनी नाराजगी खुलकर जताई। उन्होंने पहले रोहतक सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा और इसके बाद पूर्व सीएम व नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा के सामने भी अपना दर्द रखा।
वत्स ने साफ शब्दों में कहा कि उन्होंने हमेशा कांग्रेस के लिए ईमानदारी और निष्ठा से काम किया, लेकिन पार्टी में ऐसे लोगों की कद्र नहीं है। उन्होंने तल्ख अंदाज में कहा, ‘कांग्रेस में वफादार और मेहनती लोगों की कोई कद्र नहीं, बल्कि चापलूस और गलत लोग आगे बढ़ते हैं। यही कारण है कि कांग्रेस लगातार कमजोर हो रही है।’ उनके बयान ने साफ संकेत दे दिए कि मामला सिर्फ अफवाहों तक सीमित नहीं, बल्कि अंदरूनी असंतोष भी सतह पर आ रहा है।
हुड्डा को देनी पड़ी सफाई
स्थिति बिगड़ती देख नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा खुद सामने आए। उन्होंने सार्वजनिक तौर पर स्पष्ट किया कि कुलदीप वत्स ने कांग्रेस के पक्ष में ही मतदान किया है और यह उन्होंने खुद देखा है। इस दौरान कुलदीप वत्स भी उनके साथ ही मौजूद रहे। इतना ही नहीं, हुड्डा ने परमवीर सिंह व एक अन्य विधायक को भी मीडिया के सामने लाकर स्थिति स्पष्ट करने की कोशिश की, ताकि अफवाहों पर विराम लगाया जा सके।
गुस्सा इतना कि विधानसभा से बाहर निकले
बताया जा रहा है कि आरोपों से आहत वत्स इतने नाराज हुए कि वे विधानसभा से बाहर निकल गए। उनका कहना था कि इस तरह की बेबुनियाद बातें उनके स्वाभिमान को ठेस पहुंचाती हैं। उन्होंने कहा, दिल, दिमाग और आत्मा - तीनों दुखी हैं। सबसे बड़ा सवाल तब उठा जब वत्स से पूछा गया कि क्या वे कांग्रेस में बने रहेंगे? इस पर उन्होंने सीधा जवाब देने से बचते हुए कहा - यह वक्त बताएगा।

