Haryana Crime News : जौरासी खास में अज्ञात युवक की गोली मारकर हत्या, खेतों में मिला खून से लथपथ शव
घटना के बाद इलाके में दहशत और हड़कंप का माहौल बन गया
Haryana Murder Case : समालखा क्षेत्र के गांव जौरासी खास में बृहस्पतिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब खेतों में रजवाहे के पास एक अज्ञात युवक का शव खून से लथपथ अवस्था में पड़ा मिला। युवक की गोली मारकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है। घटना के बाद इलाके में दहशत और हड़कंप का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त ओर पोस्टमॉर्टम के लिए सामान्य अस्पताल भिजवाया गया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार सुबह करीब 9 बजे खेतों की ओर से गुजर रहे एक राहगीर ने शव देखा और खेत मालिक को इसकी जानकारी दी। इसके बाद खेत मालिक ने गांव के सरपंच को बताया, जिन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
ग्रामीणों के अनुसार देर रात तक वहां कोई संदिग्ध गतिविधि नजर नहीं आई थी, जिससे आशंका जताई जा रही है कि हत्या सुबह के समय अंजाम दी गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए समालखा थाना प्रभारी एसएचओ गुलशन कुमार मौके पर पहुंचे। वहीं पानीपत से डीएसपी आत्माराम भी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। इसके अतिरिक्त समालखा ओर पानीपत सीआईए के साथ साथ एफएसएल टीमों ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और घटनास्थल की बारीकी से जांच की।
पुलिस सूत्रों के अनुसार युवक को संभवतः खड़े-खड़े गोली मारी गई। शव पर सिर से खून के छींटे पेट और पैरों तक फैले हुए थे। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। गांव के सरपंच सहित ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे और पुलिस को जांच में सहयोग का आश्वासन दिया।
मौके पर पहुंचे डीएसपी आत्माराम ने बताया कि पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही हत्या के पीछे के कारणों और आरोपियों का पता लगाया जाएगा।

