Haryana Crime : गेहूं सर्वे के नाम पर वसूली, रिश्वत लेते खंड कृषि अधिकारी और सुपरवाइजर गिरफ्तार
विजिलेंस टीम की फिरोजपुर झिरका में बड़ी कार्रवाई, किसान की शिकायत पर रंगे हाथों पकड़ा
हरियाणा के नूंह जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए विजिलेंस टीम ने कृषि विभाग के दो कर्मचारियों को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई बुधवार शाम करीब 7 बजे फिरोजपुर झिरका स्थित गुरुग्राम-अलवर हाईवे पर स्थित कृषि विभाग के कार्यालय में की गई। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान खंड कृषि अधिकारी सुनील कुमार और कृषि सुपरवाइजर पंकज के रूप में हुई है। इन दोनों पर गेहूं की फसल का सर्वे करने के बदले एक किसान से 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप है।
किसान की शिकायत पर बिछाया जाल
जानकारी के अनुसार, रीगड़ गांन के रहने वाले किसान फैसल ने इस संबंध में विजिलेंस विभाग को शिकायत दी थी। किसान का आरोप था कि उसकी फसल के सर्वे के बदले अधिकारी पैसों की मांग कर रहे हैं। शिकायत की पुष्टि होने के बाद विजिलेंस टीम ने एक विशेष रणनीति तैयार की। योजना के तहत किसान को रिश्वत की रकम देने के लिए कार्यालय भेजा गया। जैसे ही आरोपियों ने रिश्वत के पैसे लिए, पहले से तैनात विजिलेंस की टीम ने उन्हें मौके पर ही दबोच लिया।
कार्यालय में मचा हड़कंप, जांच जारी
विजिलेंस की इस अचानक कार्रवाई से पूरे विभाग में हड़कंप मच गया। टीम ने मौके से रिश्वत की राशि बरामद कर ली है और दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। विजिलेंस अधिकारी जाकिर हुसैन ने बताया कि मामले की पूरी गहनता से जांच की जा रही है। यदि इस मामले में किसी अन्य कर्मचारी या अधिकारी की भूमिका सामने आती है, तो उनके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। स्थानीय लोगों ने विजिलेंस की इस कार्रवाई की सराहना की है।

