हरियाणा कमेटी का 104 करोड़ 50 लाख का बजट सर्वसम्मति से पास
कमेटी प्रधान जत्थेदार झींडा ने दी जानकारी, दादूवाल पर जमकर बरसे
ऐतिहासिक गुरुद्वारा साहिब पातशाही छठी में बुधवार को हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी के मैंबर साहिबान ने 104 करोड़ 50 लाख 6 हजार 600 रुपये का बजट सर्वसम्मति से पास किया। प्रधान जत्थेदार जगदीश सिंह झींडा समेत बैठक में मेंबर साहिबान ने हरियाणा कमेटी के बजट पर स्वीकृति की मोहर लगाने के साथ संस्था में बलजीत सिंह दादूवाल को धर्म प्रचार चेयरमैन के पद से बर्खास्त करने पर भी सहमति जताई। बजट पास करने के बाद हरियाणा कमेटी के हैड ऑफिस में जत्थेदार जगदीश सिंह झींडा ने इस बाबत जानकारी दी।
जत्थेदार जगदीश सिंह झींडा ने बताया कि लंबे समय से अटके हरियाणा कमेटी के बजट को मेंबर साहिबान ने संस्था का कुल 104 करोड़ 50 लाख 6 हजार 600 रुपये का बजट सर्वसम्मति से पास किया है। उन्होंने बजट पास पर हरियाणा की संगत को शुभकामनाएं देते हुए बजट मीटिंग में शामिल मेंबर साहिबान का आभार भी जताया। उन्होंने कहा कि अब संस्था धर्म प्रचार, शिक्षा क्षेत्र, स्वास्थ्य क्षेत्र में काम करेगी। उनके मुताबिक बजट पास करने के साथ मेंबर साहिबान के कोटे को भी लागू कर दिया गया है ताकि कोटे के माध्यम से मेंबर साहिबान जरूरतमंद संगत का आर्थिक रूप से सहयोग कर सकें। जत्थेदार झींडा ने नामजद मेंबर बलजीत सिंह दादूवाल के चेयरमैन पद से बर्खास्त किए जाने पर भी बैठक में शामिल मेंबर साहिबान द्वारा सहमति जताने की जानकारी दी। उन्होंने दादूवाल को चेताया कि चेयरमैन बन कर जो फंड संगत से एकत्रित किया गया है, वह सारा हरियाणा कमेटी में जमा करवाएं अन्यथा उस पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हरियाणा कमेटी के महासचिव अंग्रेज सिंह रानियां ने कहा कि संस्था का बजट पास होने के बाद अब कार्य सुचारु ढंग से हो पाएंगें। संस्था धर्म प्रचार के साथ साथ शिक्षा क्षेत्र में भी काम करेगी। इसके साथ ही जरुरतमंद लोगों की सहायता भी संस्था द्वारा जारी मैंबर साहिबान को जारी किए गए कोटे के माध्यम से की जाएगी। कार्यकारिणी समिति मैंबर रूपिंदर सिंह, कुलदीप सिंह मुल्तानी और मैंबर इंद्रजीत सिंह, जत्थेदार बलदेव सिंह कैमपुर और हरमनप्रीत सिंह ने भी बजट पास होने पर खुशी का इजहार करते हुए बजट पास करने के लिए पहुंचे मैंबर साहिबान का आभार जताया।

