Haryana Cabinet Meeting : कैबिनेट मुहर के बाद हांसी बना हरियाणा का 23वां जिला, 110 गांव शामिल
गत दिवस ही सीएम ने हांसी के एक कार्यक्रम में यह घोषणा की थी
Haryana Cabinet Meeting : हरियाणा के प्रशासनिक इतिहास में आज एक अहम अध्याय जुड़ गया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में हांसी को जिला बनाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई। इस फैसले के साथ ही हांसी हरियाणा का 23वां जिला बन गया है। गत दिवस ही सीएम ने हांसी के एक कार्यक्रम में यह घोषणा की थी। अब इस पर कैबिनेट की भी मुहर लग गई है।
सरकार के इस निर्णय को क्षेत्रीय विकास और प्रशासनिक विकेंद्रीकरण की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। नए जिले में हांसी और नारनौंद विधानसभा क्षेत्रों के कुल 110 गांव शामिल किए गए हैं, जो अभी तक हिसार जिले का हिस्सा थे। जिला बनने से क्षेत्र के लोगों को राजस्व, पुलिस, स्वास्थ्य और अन्य नागरिक सेवाएं अब कहीं अधिक तेजी और नजदीक मिलेंगी।
9 दिसंबर की सिफारिश पर लगी कैबिनेट की मुहर
हांसी के गठन को लेकर विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार की अध्यक्षता में गठित राज्य पुनर्गठन समिति ने 9 दिसंबर को बैठक में प्रस्ताव को स्वीकृति दी थी। समिति की सिफारिशों को मुख्यमंत्री सैनी ने कैबिनेट के समक्ष रखा, जहां आज इसे अंतिम मंजूरी दे दी गई।
हिसार से अलग होकर बनेगा जिला हांसी
प्रस्तावित जिला हांसी, हिसार जिले से पृथक होकर गठित होगा। प्रशासनिक ढांचे के तहत जिले में दो उपमंडल (हांसी व नारनौंद), तीन तहसीलें (हांसी, नारनौंद, बास), एक उप-तहसील (खेड़ी जालब) तथा तीन विकास खंड—हांसी-1, हांसी-2 और नारनौंद होंगे।
1.35 लाख हेक्टेयर क्षेत्र, 5.4 लाख आबादी
नए जिले का कुल भौगोलिक क्षेत्रफल लगभग 1,34,976 हेक्टेयर होगा, जबकि इसकी अनुमानित जनसंख्या करीब 5.41 लाख बताई गई है। जिला बनने के साथ ही हरियाणा में जिलों की संख्या बढ़कर 23 हो जाएगी। जिले के गठन का उद्देश्य नागरिक-केंद्रित सेवाओं तक आसान पहुंच, प्रशासनिक कार्यों में तेजी, बेहतर समन्वय और क्षेत्रीय विकास को गति देना है।
हांसी का प्रस्ताव हिसार के उपायुक्त द्वारा तैयार कर हिसार मंडल आयुक्त के माध्यम से राज्य सरकार को भेजा गया था। नए जिले के गठन को लेकर हांसी और नारनौंद क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और इसे लंबे समय से चली आ रही मांग की पूर्ति के रूप में देखा जा रहा है।
जिला हांसी में शामिल 110 गांव
हांसी शहर, अनीपुरा, बडाला, बांडा हेडी, बाडा जग्गा, बड़छपर, बास आजमशाहपुर, बास अकबरपुर, बास बादशाहपुर, बास खुर्द बिजान, भकलाना, भैणी अमीरपुर, भाटला, भाटोल जाटान, भाटोल रागडान, बीड हांसी, बुडाना, चानोत, डाटा, दयाल सिंह कॉलोनी, दैपल, धामियां, ढाणा खुर्द, ढाणा कलां, ढंढेरी, ढाणी ब्राह्मणान माजरा राजपुरा, ढाणी गुजरान, ढाणी केंदु, ढाणी कुम्हारान, ढाणी कुन्दनपुर, ढाणी पाल, ढाणी पीरान, खेड़ा रागडान, खेड़ी गगन, खेड़ी जालब, खेड़ी लोचब, खेड़ी रोज और खेड़ी श्योराण, किन्नर, कोथ कलां, कोथ खुर्द, कुलाना, कुम्भा, कुतुबपुर, लालपुरा, लोहारी राघो, मदन हेडी, माढा, मैहंदा, महजद, माजरा, मामनपुरा, मसूदपुर, मिलकपुर, मिर्चपुर, मोहला, मोठ करनैल साहब, मोठ रांगडान, मुजादपुर, नाडा, नारनौंद, नारनौंद औंगशाहपुर, पाली, पेटवाड़, प्रेमनगर, ढाणी पीरावाली, ढाणी पुरिया, ढाणी राजू, ढाणी सकरी, ढाणी ठाकरिया, धर्म खेड़ी, गढ़ी, गढ़ी अजिमा, गामड़ा, घिराय, गुराना, हैबतपुर, हाजमपुर, जमावड़ी, जामनी खेड़ी, जीतपुरा, कांगसर, कंवारी, कापड़ो, खाण्डा खेड़ी, खानपुर, खरबला, खरकड़ा, पुट्ठी मंगलखां, पुट्ठी समैण, राजपुरा, राजथल, राखी खास, राखी शाहपुर, रामायण, रामपुरा, रोशन खेड़ा माजरा खरबला, सैनीपुरा, शेखपुरा, सिंधर, सिंघवा खास, सिंघवा राघो, सीसर, सिसाय बोला, सिसाय कालीरावण, सोरखी, सुलचानी, सुल्तानपुर, थुराना, उगालन, उमरा।

