Haryana Budget Session : हरियाणा कैबिनेट 2 फरवरी को तय करेगी बजट सत्र की तारीख, फॉग से पहले निपटाने की तैयारी
सरकार फॉग से पहले रख सकती है 2026-27 का वार्षिक बजट
Haryana Budget Session : हरियाणा सरकार ने फरवरी की शुरुआत में बड़ी राजनीतिक हलचल का संकेत दे दिया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने राज्य मंत्रिमंडल की महत्वपूर्ण बैठक 2 फरवरी को शाम चार बजे बुलाई है। माना जा रहा है कि इसी बैठक में हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र की तारीख को अंतिम मंजूरी मिल जाएगी। इस बार सरकार का झुकाव बजट सत्र को जल्दी शुरू करने की ओर है, ताकि होली (फॉग) से पहले बजट पेश करने की प्रक्रिया पूरी हो सके।
विधानसभा सचिवालय में चल रही तैयारियों से संकेत मिल रहे हैं कि सत्र 23 फरवरी या 26 फरवरी से आरंभ हो सकता है। सचिवालय के अधिकारियों ने कई औपचारिकताएं लगभग पूरी कर दी हैं, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि 22 फरवरी के बाद किसी भी दिन सत्र बुलाया जा सकता है। मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी के हस्ताक्षर से कैबिनेट बैठक का परिपत्र जारी हो चुका है।
वे स्वास्थ्य लाभ के बाद काम पर लौट तो आए हैं, लेकिन फिलहाल कैंप ऑफिस से ही फाइलों का निपटारा करेंगे। मुख्यमंत्री और वित्त मंत्री के रूप में नायब सिंह सैनी इस बार वर्ष 2026-27 का दूसरा बजट विधानसभा में पेश करेंगे। पिछले वर्ष लगभग 2 लाख 5 हजार करोड़ रुपये का बजट पेश किया गया था। अनुमान है कि इस बार बजट करीब सवा दो लाख करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है।
फॉग से पहले बजट निपटाने की तैयारी
हरियाणा में इस वर्ष होली 4 मार्च को है। सरकार की कोशिश है कि उत्सव से पहले पूरा बजट पारित कर दिया जाए। पिछले वर्ष बजट सत्र 7 मार्च से 28 मार्च तक चला था, लेकिन इस बार समय सीमा 20 मार्च तक सीमित की जा सकती है। इतिहास बताता है कि बजट सत्र में औसतन 12 बैठकें (सीटिंग्स) होती हैं। इस बार 14 तक बैठकों की संभावना जताई जा रही है। बजट पेश होने के बाद उस पर विस्तृत चर्चा के लिए विधायकों की समितियां भी गठित की जाएंगी।
बीएसी तय करेगी सत्र की कुल अवधि
कैबिनेट बैठक में केवल सत्र के आरंभ की तारीख को मंजूरी मिलेगी। सत्र कितने दिन तक चलेगा, इसका निर्णय बाद में विधानसभा स्पीकर हरविन्द्र कल्याण की अध्यक्षता में होने वाली बिजनेस एडवाइजरी कमेटी (बीएसी) की बैठक में होगा, जो विधानसभा के पूरे एजेंडे और कार्यसूची को अंतिम रूप देती है।

